
जमशेदपुर : झारखंड का दुर्दांत अपराधी सुजीत सिन्हा को जमशेदपुर के घाघीडीह जेल से धनबाद जेल में शिफ्ट कर दिया गया है. जमशेदपुर के घाघीडीह जेल में वह आजीवन कारावास की सजा काट रहा था. सुजीत सिन्हा को एक जेल से दूसरे जेल में शिफ्ट करना बड़ी चुनौती थी, लेकिन कड़ी सुरक्षा के बीच सुजीत सिन्हा को घाघीडीह जेल से धनबाद जेल में शिफ्ट कर दिाय गया. सुजीत सिन्हा को धनबाद जेल में ही एक सेल में अकेले रखा गया है. सेल में सीसीटीवी कैमरा लगा दिाय गया है और कैमरे से 24 घंटे उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जाती है. उस पर आरोप था कि वह जमशेदपुर के घाघीडीह जेल से लगातार रंगदारी की मांग कर रहा है. इसके बाद धनबाद जेल में उसको शिफ्ट करने की तैयारी की गयी. बताया जाता है कि बुधवार की देर रात को बुलेटप्रुफ गाड़ी में बैठाकर सुजीत सिन्हा को धनबाद जेल ले जाया गया. सुजीत सिन्हा मुख्य तौर पर हजारीबाग से लेकर बोकारो, धनबाद समेत अन्य कोयला खदानों में रंगदारी, हत्या, लूट का धंधा चलाता है. कोल परियोजना में लगे वाहनों से पैसा वसूलना ही उसका मुख्य पेशख़ है. सुजीत सिन्हा कोयला कारोबारियों, व्यापारियों और बिल्डरों से रंगदारी मांगता है. रंगदारी नहीं देने पर हत्या करने का पेशा था, जिसको लेकर वह काफी दिनों से जेल में बंद है. सुजीत सिन्हा अपना गैंग चलाता है, जो झारखंड पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है. वह हत्या के एक मामले में सजायाफ्ता हो चुका है, लेकिन जेल से ही उसका पूरा सिंडिकेट काम करने लगा है.




