
लातेहार : झारखंड में बड़ा हादसा हो गया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गयी. सीआइसी सेक्शन बरकाकाना-बरवाडीह रेलखंड में भीषण रेल हादसा हुआ, जहां ओएचइ वैगन और ट्रॉली के बीच सीधी टक्कर हो गई. इस हादसे में तीन रेल कर्मचारियों की मौत हो गयी. एक व्यक्ति को गंभीर चोटें आयी है, जिनका इलाज रेलवे अस्पताल में चल रहा है. घटना मंगलवार की शाम की बतायी जा रही है, जो रेलवे के निन्द्रा और मैक्लुस्कीगंज स्टेशन के बीच घटी है. घटना की सूचना मिलने के बाद आला अधिकारी वहां पहुंच गये और मामले की जांच की जा रही है. इस घटना में 4 से अधिक लोगों के घायल होने की भी सूचना आयी है. (नीचे देखे पूरी खबर)

जानकारी के अनुसार, घटना टोरी-चंदवा से लगभग 18 किलोमीटर दूर की है, जहां मैक्लुस्कीगंज और निंद्रा स्टेशन के बीच किलोमीटर पोल संख्या 168/9-11 अप लाइन पर कार्य चल रहा था. इसके लिए लाइन को दोपहर दो बजकर 2 मिनट से शाम के 4 बजकर 20 मिनट तक ब्लॉक किया गया था. उस रेल लाइन पर काम चल रहा था. शाम को करीब 5 बजे के पहले एक टावर वैगन अप लाइन से रिटर्न आने ल गी. अप लाइन से जाने के दौरान एक पुश ट्रॉली वैगन से टकरा गयी, जिससे ट्राली पर सवार कर्मचारी चपेट में आ गये, जिसमें से दो की घटनास्थल पर मौत हो गयी जबकि एक की हालत गंभीर थी, जिसका इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गयी. एक अन्य कर्मचारी का इलाज चल रहा है. ट्रॉली पर पीडब्ल्यूआइ टोरी के कर्मी प्रिंस कुमार और निरंजन कुमार थे. वहीं एक अन्य कर्मी राजमुनि कुमार की मौत हुई है. साथ ही 4 अन्य कर्मी गंभीर रुप से घायल हो गए.















