रांची : झारखंड की राजधानी रांची में लगातार पांचवीं बार कंबल और अन्य सामानों को बेचने आये कश्मीरियों पर हमला किया गया है. दिवाली के बाद से यह पांचवां हमला है, जिसमें कश्मीरियों की पिटाई की गयी है. बताया जाता है कि कश्मीर से आये लोगों को करीब 25 लड़कों ने पकड़ लिया और रांची के डोरंडा के बीचोबीच इलाके में उनको जयश्री राम के नारे लगाने के लिए बोला और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाने के लिए दबाव दिया. ऐसा नहीं करने पर उनकी बेजोड़ पिटाई की गयी. इसके बाद इन सारे कश्मीरियों ने एक बार फिर पुलिस के पास शिकायत की और ट्विटर पर अपना वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि क्या कश्मीरी होना अपराध है. हम लोगों की जिंदगी नरक कर दिया गया है. (नीचे देखे पूरी खबर)

हम लोग भारतीय है या नहीं. चार लोगों को मारा गया है. जब कानून सबके लिए एक जैसा है तो फिर कयों हमारे पर अत्याचार हो रहा है. झारखंड में हम लोगों को गोली मार दो, हम भारतीय है या नहीं, इसका ठप्पा सिर पर लगा दो. इस ट्विट के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उक्त वीडियो को रिट्विट करते हुए झारखड पुलिस को चेताया है और कहा है कि झारखंड में किसी तरह भी धार्मिक उन्माद फैलाने और किसी तरह का भेदभाव करने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती है. इसके बाद झारखड पुलिस हरकत में आयी है और करीब तीन लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है. इसके बाद से लगातार कश्मीर के लोगों के समर्थन में ट्विटर पर जंग छिड़ी हुई है और देश के स्तर पर यह मुद्दा बनता नजर आ रहा है. इसको लेकर लोगों में काफी गुस्सा है.




