रांची : झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से शनिवार को झारखण्ड प्रदेश भारतीय जनता पार्टी का एक शिष्टमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश के नेतृत्व में राजभवन में भेंटकर एक ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन के माध्यम से शिष्टमंडल द्वारा राज्यपाल से 11 अप्रैल को प्रदेश भाजपा द्वारा आयोजित ‘सचिवालय घेराव कार्यक्रम’ में हुए लाठीचार्ज व पुलिस कार्रवाई की न्यायिक जांच कराने हेतु निर्देश देने का आग्रह किया गया. शिष्टमंडल में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधायक दल के नेता बाबूलाल मराण्डी, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, प्रदेश महामंत्री बालमुकुंद सहाय एवं डॉ प्रदीप वर्मा मौजूद थे. इस दौरान राज्य सरकार द्वारा भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ की जा रही कार्रवाई का ध्यान आकृष्ट कराया और हस्तक्षेप करने की मांग की.




