
रांची : झारखंड में सियासी भूचाल काफी तेज चल रही है. पहले अपने नाम खनन पट्टा आवंटित करने का मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर हमला तेज था तो वहीं भाजपा एक बार फिर से हमला तेज कर दिया है. भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने राजधानी रांची स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन कर कहा है कि अबुआ राज में सोरेन परिवार भ्रष्टाचार फैला रहा है. हेमंत सोरेन ने पत्थर खदान आवंटित करा लिया जबकि रांची के चान्हो प्रखंड के बीजूपाड़ा में सोहराय लाइव प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर 11 एकड़ जमीन अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के नाम करा लिया है. मीट प्रोसेसिंग यूनिट के लिए जमीन का आवंटन मु्ख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन के नाम पर की गयी है. रघुवर दास ने कहा कि हेमंत सोरेन को वे चुनौती देते है कि अगर उनकी बात गलत है तो मुख्यमंत्री इस मामले पर अपनी सफाई दें क्योंकि यह मामला भ्रष्टाचार निवारण की धारा 188 (13) (2) के तहत दंडनीय अपराध है. अबुआ राज के नाम पर सोरेन परिवार का शासन चल रहा है और लूट मची हुई है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर हमला कर रहे पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास यहीं नहीं रुके. रघुवर दास ने कहा कि सिर्फ मुख्यमंत्री की पत्नी ही नहीं बल्कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पूरा कुनबा इस काम में लगा हुआ है कि झारखंड को लूट लिया जाये. मुख्यमंत्री के प्रेस सलाहकार अभिषेक कुमार पिंटू और विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा भी लूटतंत्र में भागीदार है. रघुवर दास ने कहा कि प्रेस सलाहकार अभिषेक कुमार पिंटू ने शिवशक्ति इंटरप्राइजेज के नाम पर साहेबगंज के पकड़िया में 11.87 एकड़ जमीन पर पत्थर की खदान का लीज करा लिया है. खदान की लीज 8 नवंबर 2021 को मंजूर हुई. सरकारी कागजों के मुताबिक, इस पर 90 लाख का निवेश किया गया है. मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा ने महाकाल स्टोन वर्क्स के नाम पर साहेबगंज के महरी मौजा में 6.35 एकड़ जमीन पर पत्थर खदान आवंटित कराया है. इसको भी मंजूरी काफी हड़बड़ी में की गयी. रघुवर दास ने कहा कि उद्योग और खनिज विभाग दोनों मुख्यमंत्री का ही विभाग है. ऐसे में मुख्यमंत्री के प्रभाव के कारण ही यह सारा आवंटन कर दिया गया. रघुवर दास ने कहा कि मुख्यमंत्री को इस मामले में अपनी सफाई देनी चाहिए जबकि अभिषेक प्रसाद पिंटू और पंकज मिश्रा को तत्काल पद से हटाया जाये. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ किया जा रहा है. सरकार को चाहिए कि इस मामले की जांच कराये और स्वतंत्र एजेंसी से जांच हो. इसको लेकर वे तत्काल राज्यपाल से भी मिलेंगे.
लवजेहाद को बढ़ावा दे रहे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने हेमंत सोरेन ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में बड़े पैमाने पर धर्मांतरण का काम चल रहा है. आदिवासी समाज की युवतियों को लव जेहाद में फंसाया जा रहा है. कट्टरपंथी मुसलमानों द्वारा रांची, लोहरदगा, जामताड़ा, पाकुड़, दुमका, साहेबगंज समेत संथाल परगना के कई जिलों में आदिवासी युवतियों को फंसा रहे है और प्रेम विवाह करके जमीन लूट ले रहे है. सरकारी संरक्षण में यह सारा कुछ हो रहा है. ऐसे में आदिवासी समाज ही खत्म हो जायेगा. रघुवर दास ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार लगातार आदिवासियों को ही नुकसान पहुंचा रही है. उन्होंने कहा कि उनकी (रघुवर दास की) सरकार में जाति प्रमाण पत्र बनवाने में धर्म का कॉलम रखा गया था, लेकिन 24 फरवरी 2022 को मिशनरियों के दबाव में सरकार ने इस कॉलम को ही हटा दिया गया. सरना धर्म मानने वालों को बचाने के लिए धर्म कोड का होना जरूरी था, लेकिन इसको हटा दिया गया. तीसरा और चतुर्थ ग्रेड की जिलास्तरीय नौकरियों को दस साल के लिए स्थानीय, मूलवासियों के लिए तय किया गया था. इसको भी राज्य सरकार ने रोक दिया. इस प्रावधान से उनके समय में पांच साल की अवधि के दौरान वनरक्षी, जेएससी, शिक्षक और अन्य नौकरियों में 1 लाख से अधिक नौकरी स्थानीय लोगों को मिली थी. जल, जंगल और जमीन की बेतहाशा लूट हो रही है. सारंडा के जंगल से लेकर संथाल परगना तक लकड़ियों की तस्करी हो रही है. हजारों ट्रकों से रोज लूट मचा हुआ है. रांची के नेपाल हाउस में बिना पैसा के कोई काम नहीं हो रहा है.














