
रांची : जमशेदपुर समेत पूरे देश भर से लोगों की गाढ़ी कमाई लेकर भागने वाली कंपनी मैक्सीजोन टच प्राइवेट कंपनी और उसके मालिक के खिलाफ कार्रवाई झारखंड सरकार शुरू करने जा रही है. इस मामले की जांच सीआईडी से करायी जा सकती है. सोमवार को झारखंड के वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव से पीड़ितों ने मुलाकात की. इस मुलाकात के दौरान वित्त मंत्री ने उनके सारे दस्तावेजों का अध्ययन किया. मुलाकात करने वालों में मुख्य रुप से उदय चंद्रवंशी, महेश्वर बेसरा, प्रियंका कुमारी, सनी सिंह, केदार सोरेन, दिलीप मुंडा, खालको मार्डी एवं अन्य लोग मौजूद थे. इन लोगों ने बताया कि एमएलएम कंपनी गाजियाबाद की मैक्सीजोन टच प्राइवेट लिमिटेड ने ज्यादा पैसे दिलाने के नाम पर ठगी की है. उसके एमडी भूषण सिंह, उनकी पत्नी प्रियंका सिंह समेत अन्य लोगों ने मिलकर करोड़ों रुपये लेकर फरार हो गये है. उदय चंद्रवंशी ने बताया कि हम लोगों का संघर्ष रंग लाया. पिछले 2 दिन से झारखंड के वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव से मिलने की कोशिश सफल हुई. (नीचे देखे पूरी खबर)

वे लोग रांची स्थित उनके निवास पर गए थे. 4 लोगों को ही मिलने की अनुमति मिली. उन लोगों ने विस्तारपूर्वक मंत्री के सामने अपनी आपी बीती सुनाई. इस फर्जीवाड़े से जुड़े हर तकनीकी पक्ष, लुभावने वादे, बड़े सितारों की भागीदारी, सरकार द्वारा दिए गए लाइसेंस एवं अन्य संबंधित जानकारी उनके संज्ञान में लाई गई. शिकायत सह आवेदन पत्र उनको सौंपा गया और इस वित्तीय धोखाधड़ी से पीड़ितों को इंसाफ दिलाने की गुहार लगाई गई. श्री चंद्रवंशी ने बताया कि उम्मीद की एक किरण मंत्री के उस आश्वासन से जगी है जहां उन्होंने ने भरोसा दिलाया कि वो इस मामले की उच्चस्तरीय जांच सीआईडी से कराया जायेगा. इसकी जांच करवाने का आदेश जल्द देंगे एवं जिला प्रशासन को भी त्वरित जांच और कार्रवाई करने का आदेश निर्गत करेंगें. पीड़ित पक्ष के उदय चंद्रवंशी ने बताया कि इस मामले को प्रदेश सरकार के मार्फत केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण तक भेजने का जोरदार आग्रह किया है. उन्होनें सहमति दी है कि उनका प्रयास रहेगा कि इस मामले में वो पीड़ितों को इंसाफ दिला सके. उनके आप्त सचिव संजय दुबे द्वारा उन लोगों के आवेदन की प्रति की कॉपी प्रदान कर दी गई है एवं उनके द्वारा भी ये आश्वासन मिला है कि वो मंत्री का ध्यान इस मामले मे आकृष्ट कराते रहेंगे ताकि कार्यवाही जल्द शुरू हो सके और आरोपी पकड़ा जाए. वैसे इस मामले को लेकर जमशेदपुर के एसएसपी द्वारा जांच टीम का गठन कर दिया गया है और पुलिस अपने तरीके से जांच और पूछताछ शुरू कर चुकी है.














