रांची : धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भाजपा झारखंड प्रदेश व्यापक कार्यक्रम आयोजित करेगी. इसके तहत 13 से 15 नवंबर तक भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू (खूंटी) से उनके समाधि स्थल कोकर (रांची) तक लगभग 73 किलोमीटर की तीन दिवसीय पदयात्रा निकाली जाएगी. वहीं, 17 से 20 नवंबर तक प्रदेश के विभिन्न प्रमंडलों में जनजातीय गौरव सम्मेलन आयोजित कर जनजातीय महापुरुषों के संघर्ष, बलिदान और योगदान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा. उक्त जानकारी भाजपा एसटी मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद समीर उरांव ने आयोजित प्रेस वार्ता में दी. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में 11 से 18 नवंबर तक देशभर में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है. तीन दिवसीय पदयात्रा के तहत 13 नवंबर को प्रथम दिन सुबह 10 बजे भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू (अड़की मंडल) से पदयात्रा का शुभारंभ होगा. सायको मोड़ के बाद झीलकिता मोड़ होते हुए यात्रा खूंटी ग्रामीण एवं खूंटी महानगर पहुंचेगी. शाम 6 बजे खूंटी स्थित भाजपा कार्यालय में रात्रि विश्राम होगा. 14 नवंबर को दूसरे दिन सुबह 10 बजे खूंटी से पदयात्रा प्रारंभ होगी. कालामाटी (रांची पूर्वी), तुपुदाना चौक, हटिया चौक, बिरसा चौक एवं अल्बर्ट एक्का चौक (फिरायालाल) होते हुए शाम 6 बजे बिरसा मुंडा संग्रहालय, जेल चौक, रांची पहुंचेगी. (नीचे भी पढ़ें)
15 नवंबर को तीसरे दिन सुबह 9 बजे जेल चौक से प्रदेश एवं रांची के तीनों सांगठनिक जिलों के कार्यकर्ताओं की सहभागिता के साथ पदयात्रा प्रारंभ होगी. सुबह 11 बजे कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पदयात्रा का समापन होगा. इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न प्रमंडलों में जनजातीय गौरव सम्मेलन आयोजित होगा. 17 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के सिसई रेडवा बगीचा एवं रायडीह (गुमला) में कार्यक्रम आयोजित होंगे. गुमला जिले की सहभागिता रहेगी. प्रमुख वक्ताओं में समीर उरांव, सुदर्शन भगत, दिनेश उरांव, शिवशंकर उरांव, अरुण उरांव, गंगोत्री कुजूर एवं कमलेश उरांव शामिल होंगे. 18 नवंबर को संथाल परगना प्रमंडल: भोगनाडीह (साहेबगंज) में सम्मेलन आयोजित होगा. साहेबगंज, पाकुड़, दुमका एवं गोड्डा जिलों की सहभागिता रहेगी. प्रमुख वक्ता बाबूलाल मरांडी एवं चंपई सोरेन होंगे. 18 नवंबर को कोल्हान प्रमंडल के चाईबासा में सम्मेलन आयोजित होगा. चाईबासा, चक्रधरपुर, सरायकेला-खरसावां, जमशेदपुर महानगर एवं पूर्वी सिंहभूम की सहभागिता रहेगी. प्रमुख वक्ताओं में अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, गीता कोड़ा, जेबी तुबिद, शशिभूषण सामड़, गुरूचरण नायक, मेनका सरदार एवं मीरा मुंडा शामिल होंगे. 19 नवंबर को पलामू प्रमंडल में दूबियाखार, मेदिनीराय चौक में सम्मेलन आयोजित होगा। पलामू, गढ़वा एवं लातेहार जिलों की सहभागिता रहेगी। प्रमुख वक्ताओं में कालीचरण सिंह, बी.डी. राम, सुनील सिंह, भानू प्रताप शाही, सत्यनारायण तिवारी, जय प्रकाश भोगता, प्रकाश राम, आलोक चौरसिया, शशिभूषण मेहता एवं रामचंद्र चंद्रवंशी शामिल होंगे. 19 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के सिलागाई में सम्मेलन आयोजित होगा. रांची महानगर, रांची पूर्वी, रांची पश्चिमी एवं लोहरदगा जिलों की सहभागिता रहेगी. प्रमुख वक्ताओं में आदित्य साहू, रामकुमार पाहन एवं दीपक प्रकाश शामिल होंगे. 20 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के चिंगरी, विशुनपुर (गुमला) में सम्मेलन आयोजित होगा. प्रमुख वक्ताओं में समीर उरांव, सुदर्शन भगत, दिनेश उरांव, शिवशंकर उरांव, अरुण उरांव, गंगोत्री कुजूर एवं कमलेश उरांव शामिल होंगे. (नीचे भी पढ़ें)
धरती आबा के संघर्ष और बलिदान को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा
समीर उरांव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के शोषण और अत्याचार के विरुद्ध ऐतिहासिक उलगुलान का नेतृत्व किया. उन्होंने जनजातीय समाज को संगठित कर जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए संघर्ष किया. उनका नारा ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’ आज भी स्वाभिमान और अधिकारों की प्रेरणा देता है. उन्होंने कहा कि तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू, चाँद-भैरव, फूलो-झानो, बुधु भगत, तेलंगा खड़िया, टंट्या भील, रानी दुर्गावती, अल्लूरी सीताराम राजू और कोमराम भीम जैसे जनजातीय वीरों का बलिदान देश के इतिहास का गौरवशाली अध्याय है. श्री उरांव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2021 में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया गया. वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री ने उलिहातू पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा को नमन किया तथा पीएम जनमन योजना की शुरुआत की. केंद्र सरकार जनजातीय समाज के विकास, सम्मान और उनके महापुरुषों के योगदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए लगातार कार्य कर रही है. अंत में उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं एवं जनजातीय समाज के लोगों से पदयात्रा और सम्मेलनों में बड़ी संख्या में शामिल होकर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की. प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाईक, पूर्व विधायक रामकुमार पाहन एवं भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो उपस्थित थे












