
जमशेदपुर : मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल यानी 2.0 पूरा होते ही आज पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पत्रकार वार्ता कर मोदी सरकार के पहले कार्यकाल से लेकर अब तक का लेखा- जोखा जनता के समक्ष रखा. पूर्व मुख्यमंत्री ने इस दौरान मोदी सरकार को हर कसौटी पर खरा बताते हुए कहा कि पहले कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार को उखाड़ फेंकने का काम किया गया. इसके अलावा सर्जिकल स्ट्राइक, कश्मीर मुद्दा, ट्रिपल तलाक, अयोध्या विवाद से लेकर वैश्विक संकट कोरोना महामारी से लड़ने और इससे निपटने हेतु 20 लाख करोड़ पैकेज पर केंद्र सरकार की ओर से दिए जाने का उन्होंने स्वागत किया.
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री ने झारखंड सरकार को आड़े हाथ लेते हुए सबसे पहले निजी स्कूलों के मामले पर निशाना साधते हुए शिक्षा मंत्री द्वारा दिए गए बयान को हास्यास्पद बताते हुए कहा ऐसे सरकार नहीं चलती है. उन्होंने बताया सरकार इच्छाशक्ति से चलती है पूर्व मुख्यमंत्री ने झारखंड सरकार को निजी स्कूलों के मामले में पहल करने की नसीहत दी है. उन्होंने कहा है कि कुछ पैकेज निजी स्कूलों को भी देनी चाहिए, ताकि वे अपने शिक्षकों और कर्मचारियों का भुगतान कर सके. वही प्रवासी मजदूरों के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार से स्टैंड क्लियर करने को कहा है. उन्होंने कहा है कि सरकार को बतानी चाहिए कि 8 से 9 लाख प्रवासी मजदूरों के लिए क्या व्यवस्था राज्य सरकार द्वारा की जा रही है.
क्योंकि मनरेगा से आप 8 लाख मजदूरों का पेट नहीं भर सकते. उन्होंने अपने कार्यकाल में बनाए गए पॉलिसी का जिक्र करते हुए कहा अगर झारखंड सरकार उन पॉलिसियों पर काम करती है तो निश्चित तौर पर प्रवासी मजदूरों को उसका फायदा मिलेगा. उन्होंने बताया कि 2015 में झारखंड की सत्ता संभालने के बाद 15 से 16 पॉलिसी उनकी सरकार ने बनाई थी, जिससे हर सेक्टर के लोगों को रोजगार मुहैया कराया जा सकता है. अगर सरकार चाहे तो उन पॉलिसियों को अमल में लाकर प्रवासियों और हुनरमंद युवाओं को रोजगार मुहैया करा सकती है. उन्होंने सूक्ष्म, लघु- मध्यम उद्योग के लिए लोन की प्रक्रिया को सरल बनाए जाने की भी बात कही है, ताकि राज्य में औद्योगिक माहौल बेहतर बन सके.

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने चतरा विधानसभा की जनसभा को संबोधित किया, कहा-सफल सरकार की कसौटी पर खरी उतरी मोदी सरकार
जमशेदपुर : चतरा विधानसभा की वर्च्युअल जनसभा को पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने संबोधित किया. श्री दास ने कहा कि किसी राष्ट्र की अच्छी और सफल सरकार वही समझी जाती है, जो अपने राष्ट्र की रक्षा, लोक कल्याण और उपकार को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ते चलती रहती है. हम आंखें बंद कर भी देखें तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गठित भाजपा नीत एनडीए की सरकार इस कसौटी पर शत प्रतिशत सफल नजर आती है. हालांकि श्री मोदी के नेतृत्व में गठित इस सरकार का पहला कार्यकाल का सर्वाधिक समय में देश में जड़ जमा चुकी कुचक्री व्यवस्थाओं और भ्रष्टाचार को उखाड़ फेंकने में गुजर गया. इसके बावजूद गरीबों के जीवन में एक नया रंग भरने के लिए अंत्योदय को सुदृढ़ करने का जो सार्थक प्रयास किया गया वह अभूतपूर्व है. इस कार्यकाल में गरीबों के उत्थान के लिए केंद्र सरकार ने जो कार्यक्रम चलाया, उससे दुनिया में भारत का गौरव बढ़ा। इन कार्यक्रमों में गरीबों का बैंक खाता खोला जाना, उन्हें मुफ्त गैस कनेक्शन, मुफ्त बिजली, आवास और शौचालय की सुविधा देना शामिल है. इस कार्यकाल के अन्य उल्लेखनीय कार्यों में सर्जिकल स्ट्राइक एवं एयर स्ट्राइक को याद की जाती है. वहीं वन रैंक वन पेंशन, वन नेशन, वन टैक्स (जी.एस.टी.) और किसानों के लिए बहुप्रतिक्षित एमएसपी शामिल है. मोदी सरकार की प्रथम कार्यकाल के पांच वर्ष और दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष की उपलब्धियों को जोड़ दिया जाय तो इस छह साल का इतिहास भारतीय इतिहास का एक सुनहरा दस्तावेज कहलायेगा.





