रांची : झामुमो छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद सीता सोरेन पहली बार झारखंड पहुंची. उनका यहां आने पर रांची एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया. राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा के नेतृत्व में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया. उन्होंने बाद में संवाददाता सम्मेलन कर कहा कि वे झामुमो में काफी सालों से प्रताड़ित थी. अब लग रहा है कि वे खुली सांस में हवा ले पा रही है. उनके पति स्वर्गीय दुर्गा सोरेन ने झारखंड अलग राज्य बनाने और झामुमो को खड़ा करने में कड़ी मेहनत की थी. लेकिन उनको और उनकी मौत के बाद उनके परिवार को ही दरकिनार कर दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमको जो जिम्मेदारी दी है, वह परा करेंगे और हर हाल में दुमका का सीट जीतेंगे जबकि झारखंड की सारी 14 सीटों पर भाजपा और गठबंधन दल जीतेगी. इसके लिए पूरा जी जान लगा देंगे. उन्होंने यह भी कहा कि उनके पति स्वर्गीय दुर्गा सोरेन की मौत कैसे हो गयी, यह पता ही नहीं चला. इसकी तो जांच होनी ही चाहिए. उन्होंने कहा कि झामुमो अब दिशाहीन हो चुकी है. झामुमो अब वह पार्टी नहीं रह गयी है, जिसको गुरुजी शिबू सोरेन ने खड़ा किया था. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कल्पना सोरेन ने स्वर्गीय दुर्गा सोरेन का अपमान किया है. हम तो चाहते है कि दुर्गा सोरेन की मौत की जांच होनी चाहिए. मौत कैसे हुई, यह अब तक रहस्य है.




