अनिल कुमार/ बोकारो : राज्य में भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की जोहार यात्रा अंततः होटवार (जेल) में जाकर पूरी होगी. श्री मरांडी यहां बोकारो में पत्रकारों से बात कर रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)
भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने यहां राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर जोरदार हमला करते हुए स्थानीयता नीति पर राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 1932 के खतियान को लेकर भाजपा पर आरोप लगा रहे हैं जो सरासर गलत है. उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 में झारखंड में भाजपा और जेएमएम के गठबंधन में अर्जुन मुंडा के नेतृत्व में सरकार चल रही थी और उस समय झारखंड मुक्ति मोर्चा ने 1932 के मुद्दे पर ही अपना समर्थन वापस लिया था. इसके बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व में यूपीए गठबंधन की सरकार झारखंड में बनी. यही नहीं, उस समय केंद्र में भी यूपीए की ही सरकार थी. उन्होंने कहा कि साल 2013 से लेकर 2014 तक केंद्र और राज्य में दोनों जगह कांग्रेस और जेएमएम की ही सरकारें थीं, तब 1932 के खतियान आधारित स्थानीयता नीति क्यों नहीं जारी की गई. जाहिर है मुख्यमंत्री स्थानीयता नीति एवं नियोजन नीति को लेकर राजनीति कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
बाबूलाल मरांडी ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जो जोहर यात्रा निकाल रहे हैं, यह अपनी अकर्मण्यता छिपाने का प्रयास भर है. उन्होंने कहा कि यह जोहार यात्रा जाएगी कहां, होटवार (यानी जेल) तक जाकर ही पूरी होगी. उन्होंने मुख्यमंत्री की खतियानी जोहार यात्रा को राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा कि ईडी की नोटिस मिलने के बाद उनको 1932 की याद आई. इससे पहले उनको न तो राज्य में स्थानीयता और न ही नियोजन नीति का ख्याल आया. श्री मरांडी ने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बाहरी की बात कर रहे हैं तो उनके इर्द-गिर्द रहने वाले पिंटू और प्रेम प्रकाश, पंकज मिश्रा कौन है जरा बताएं. श्री मरांडी ने राज्य में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज राज्य में अराजक स्थिति बनी हुई है जहां कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है.



