बोकारो:बोकारो में शनिवार को भाजपा का उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडलीय बैठक हुई. इस बैठक में भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी सहित कई प्रदेश के पदाधिकारी मौजूद रहे. बैठक में सभी जिला अध्यक्ष मंडल अध्यक्ष प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और प्रदेश पदाधिकारी को आमंत्रित किया गया था. बैठक में आगामी चुनाव को लेकर बूथ को मजबूत करने राष्ट्रपति के अभिभाषण को सभी शक्ति केंद्रों में लोगों के बीच ले जाने और नरेंद्र मोदी के मन की बात को लोगों तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया. (नीचे भी पढ़े)
बैठक में सभी जिला अध्यक्षों से बूथ सशक्तिकरण को लेकर बात की गई. बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए भाजपा विधायक दल के नेता सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राहुल गांधी के मुद्दे पर विपक्ष एकजुट होकर देश को लूटना चाहते है. उन्होंने कहा कि विपक्ष यह चाहता है कि उनके लिए अलग कानून बने. लेकिन देश में सबके लिए कानून एक है सभी को कानून का पालन करना चाहिए राहुल गांधी के लिए कोई अलग से कानून देश में नहीं बन सकता है. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर विपक्ष एकजुट होकर जो लाभ लेने की सोच रहा है ,वह कभी पूरा नहीं हो सकता है. क्योंकि विपक्ष को इससे कोई फायदा नहीं होने वाला है.











