बोकारो: बोकारो स्टील लिमिटेड में विस्थापित अप्रेटिंस संघ के आंदोलन के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. बोकारो डीसी विजया जाधव ने बीएसएल के मुख्य महाप्रंबधक हरिमोहन झा को गिरफ्तार करने का आदेश दिया.विदित हो कि विस्थापितों और सीआईएसएफ बलों के साथ हिंसक झड़प में एक युवक की मौत हो गयी थी. जिसके बाद आंदोलन ने हिंसक रुप ले लिया. आंदोलन कारियों ने कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया. इसके बाद जिले की उपायुक्त विजया जाधव ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए देर रात ही सभी अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की. साथ ही घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया है. गठित कमेटी को पूरे घटनाक्रम की जांच बीएसएल प्रशासनिक भवन से सीसीटीवी फुटेज व मीडिया से प्राप्त फुटेज के साथ साथ अन्य साक्ष्य माध्यम से मामले की जांच कर शीघ्र रिपोर्ट सौंपने को कहा है.(नीचे भी पढ़े)

इसके अलावा ट्रेनिंग पूरी कर चुके सभी विस्थापित अप्रेटिस प्रशिक्षुओ को बीएसएल प्रबंधन 21 दिनों के अंदर पद सृजित कर तीन माह के अंदर उन्हें नियुक्ति देगा. वहीं प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए कोचिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराएगा. हिंसक झडप के बाद पुलिस ने लाठी चार्ज किया था, जिसमें प्रेम महतो नामक युवक की मौत हो गयी थी. इस मामले में मृतक के परिजनों को 20 लाख मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को बीएसएल नौकरी देगा. इसके अलावा बीएसएल प्रबंधन घायलों को बीजीएच में मुफ्त उपचार और दस हजार मुआवजे का भुगतान करेगी.अन्य मांगों के लिए बीएसएल विस्थापितों के साथ प्रति माह 15 तारीख को जिला नियोजन पदाधिकारी एवं अपर समाहर्ता की उपस्थिति में बैठक कर वहां लिये गये फैसले का अनुसरण करेगी. इन सभी बातों को लेकर उपायुक्त ने अपर समाहर्ता एवं अनुमंडल पदाधिकारी चास को प्रत्येक माह बैठक का अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा है.











