रांची : झारखंड से लापता आठ लोगों की तलाश अब देशभर में की जाएगी. अपराध अनुसंधान विभाग (सीआइडी) ने इन लोगों का पता लगाने के लिए हू एंड क्राई नोटिस जारी किया है. इसके माध्यम से लापता लोगों की तस्वीरें और पहचान से जुड़ी जानकारियां पुलिस के विभिन्न अधिकारियों के साथ साझा की गई हैं, ताकि दूसरे राज्यों में भी उनकी तलाश की जा सके. सूची में एक छह दिन का नवजात बच्चा भी शामिल है. सीआईडी की ओर से जारी नोटिस में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों समेत आठ लापता लोगों का विवरण दिया गया है. इनमें कुछ लोग वर्ष 2022 और 2023 से लापता हैं, जबकि कुछ के लापता होने के मामले वर्ष 2025 और 2026 के हैं. (नीचे भी पढ़ें)
लंबे समय से लापता लोगों का पता लगाने के लिए उनकी जानकारी व्यापक स्तर पर साझा की गई है. नोटिस में लापता लोगों के नाम और तस्वीरों के अलावा उनकी उम्र, कद, रंग, लापता होने की तारीख, उस समय पहने गए कपड़े और शरीर पर मौजूद पहचान के निशान जैसी जानकारियां दर्ज हैं. कुछ मामलों में उनकी शारीरिक स्थिति का विवरण भी दिया गया है. इन जानकारियों के आधार पर दूसरे जिलों या राज्यों में किसी व्यक्ति के मिलने पर उसकी पहचान का मिलान किया जा सकेगा. पहचान की पुष्टि होने पर संबंधित पुलिस झारखंड पुलिस को सूचना दे सकेगी.








