रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने शनिवार की सुबह रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित अपने पैतृक आवास पर अपनी पुजनीय माता स्व. रूपी सोरेन की स्मृति में उन्हें दातून, पानी और भोजन परोसने की पारंपरिक संस्कार रस्म निभाई. स्थानीय परंपरा के अनुरूप यह संस्कार रस्म दिवंगत व्यक्ति की याद में सुबह और शाम में किया जाता है. मुख्यमंत्री ने परिवारजनों के साथ यह पारिवारिक रस्म स्थानीय परंपराओं एवं रीति-रिवाजों के अनुरूप निभाई. दूसरी ओर, उन्होंने नेमरा स्थित अपने पैतृक गांव में सरकारी कार्यो का निष्पादन भी किया और कई सारी फाइलों पर साइन भी किया. उनके साथ मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी थे. इसके बाद उनसे मिलने वालों का तांता लगा रहा. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के पैतृक आवास पर आज केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री की माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी तथा मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं उनकी धर्मपत्नी, विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन से मिलकर उनका ढाढ़स बंधाया. साथ ही दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं, उनसे मिलने के लिए झारखंड के सूचना आयुक्त शिवपूजन पाठक एवं तनुज खत्री, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, छतीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद, पूर्व मंत्री आलमगीर आलम, पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख, बिहार राज्य के पूर्णिया सांसद पप्पू यादव, झारखंड के गिरीडीह सांसद चन्द्र प्रकाश चौधरी, खूंटी सांसद काली चरण मुण्डा, विधायक अनूप सिंह, विधायक ममता देवी, पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश सहित अन्य सांसदगण, विधायकगण, जनप्रतिनिधि एवं भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारीगणों ने मुलाकात की. साथ ही मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन की दिवंगत माताजी स्व. रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वहीं मुख्यमंत्री एवं उनके परिवारजनों से मुलाकात कर दुख की इस घड़ी में ढाढ़स बंधाया.


















