
जमशेदपुर : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी के साथ-साथ उनके प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का ने दूसरा टीका ले लिया. इसको लेकर अब भाजपा एक बार फिर से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ हमलावर हो चुकी है. भाजपा के नेता और खादी बोर्ड के सदस्य कुलवंत सिंह बंटी ने ट्विट कर कहा है ”वाह आपने तो 34 वे दिन टीका ले लिया, आप बताए कि आम जनता कितने दिनों बाद टीका ले, आपके लिए अलग नियम और आम जनता के लिए अलग लिया. इसके अलावा श्री बंटी ने एक अन्य ट्विट में कहा है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सुर्खियां बटोरने के लिए ट्विटर हैंडल पर 22 अप्रैल को ट्वीट कर कहा कि 18 वर्ष से अधिक उम्र के राज्यवासियों को राज्य सरकार नि:शुल्क वैक्सीन लगाएगी और आज कहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर अवगत करा दिया और कह रहे हैं कि मुफ्त टीका दे केंद्र सरकार. आप के पास वैक्सिन की तैयारी नहीं थी तो युवाओं को क्यो कहा हम देंगे और ट्विटर पर लंबी-लंबी हांकने की क्या जरूरत और अब कह रहे हैं कि केंद्र सरकार वैक्सीन के टीकाकरण की मुफ्त व्यवस्था करें. वैक्सीन की व्यवस्था नहीं कर पाने की वजह से हेमंत सोरेन को युवाओं से माफी मांगनी चाहिए.




