
रांचीः झारखंड के कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार को तीन राज्यों नागालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा का प्रभारी बनाया गया है. उन्हें यह जिम्मेवारी सोनिया गांधी ने सौंपी है. डॉ अजय ने अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत बाबूलाल मरांडी की पार्टी झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) से शुरू की थी. झाविमो के टिकट पर जमशेदपुर से 2011 का लोकसभा चुनाव लड़कर वे संसद पहुंचे थे. बाद में वे कांग्रेस में शामिल हुए. वर्ष 2014 के चुनाव में हार मिलने के तुरंत बाद डॉ अजय ने कांग्रेस का दामन थाम लिया. उन्हें कांग्रेस ने राष्ट्रीय प्रवक्ता पद की जिम्मेदारी सौंपी. बाद में झारखंड कांग्रेस की कमान सौंपी गई. लोकसभा चुनाव में पार्टी के बेहतर प्रदर्शन के लिए उन्होंने पूरा जोर लगाया, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी. हालांकि, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष से सिंहभूम सीट झटककर कांग्रेस ने भाजपा को बड़ा झटका दिया.
लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद गुटबाजी खुलकर सामने आई और आरोप-प्रत्यारोप के बीच उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था. इसके बाद वे आप पार्टी का दामन थामा, लेकिन ज्यादा दिन तक वे वहां भी नहीं रहे. काफी सोच समझ कर फिर डॉ अजय कुमार ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है. इसके बाद वे झारखंड में कांग्रेस को मजबूत करने मे लगे हुए है. कांग्रेस में उनके कद को बढाने के लिए आला कमान ने उन्हें नोर्थ- इस्ट राज्य नागालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा का प्रभारी बनाया है.



