
रांची : झारखंड की राजधानी रांची के रिम्स अस्पताल में बनाये गये कोरोना वायरस वार्ड (कोविड-19 वार्ड) में इलाजरत 12 साल की बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गयी. वह रांची के हिंदपीढ़ी इलाके से आयी थी और उसको इलाज के लिए रिम्स अस्पताल में भरती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गयी. बच्ची किडनी की मरीज थी और डाइलिसिस चल रहा था. इसका कोरोना वायरस का टेस्ट किया गया है, लेकिन उसकी रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है. शुक्रवार को उसका सैंपल लिया गया था और शनिवार की देर शाम तक इसकी रिपोर्ट आयेगी, जिसके बाद साफ हो पायेगा कि उसकी मौत की वजह क्या है.

बच्ची के शव को रिम्स अस्पताल के शवगृह में रख दिया गया है. कोरोना वायरस के टेस्ट की रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पायेगा कि मौत की वजहें क्या थी. हिंदपढ़ी की उक्त बच्ची किडनी की बीमारी से ग्रसित थी और रांची के नेफ्रान क्लीनिक में उसका डाइलिसिस चलता था. इसी क्लीनिक की एक महिला को कोरोना पोजिटिव पाया गया था, जिसके बाद से इसको सील कर दिया गया था, जिसके बाद से उक्त लड़की का डाइलिसिस नहीं होता था. इस बीच कोरोना वायरस को लेकर हिंदपीढ़ी इलाका हॉटस्पॉट बन चुका है. इसको देखते हुए उक्त बच्ची का भी इलाज रिम्स में ही शुरू करा दिया गया था. बताया जाता है कि रिम्स में उसका डाइलिसिस होने में दिक्कत थी क्योंकि रिम्स में डाइलिसिस की सिर्फ पांच मशईनें है, जिसके जरिये पूरे झारखंड के मरीजों का इलाज किया जाता है. गौरतलब है कि झारखंड में अब कोरोना वायरस के पोजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 17 हो चुकी है. शनिवार की सुबह को ही तीन मरीज को कोरोना पोजिटिव पाया गया गया था, जिसमें कोडरमा, रांची और हजारीबाग में एक-एक मरीज पाये गये थे. रांची की हिंदपीढ़ी इलाके से ही अकेले आठ मरीज सामने आये है. इसके अलावा हजारीबाग और बोकारो से पोजिटिव मरीज आये है.







