रांची : फिल्म अभिनेत्री अमीषा पटेल बुधवार को रांची जिला कोर्ट में हाजिर नहीं हुई. सीनियर सिविल जज डीएन शुक्ला की कोर्ट ने अमीषा पटेल की सशरीर उपस्थिति में छूट संबंधी याचिका को स्वीकार कर लिया और अगली सुनवाई में अमीषा पटेल का सशरीर उपस्थित होने का निर्देश दिया. अमीषा ने जरुरी काम के लिए मोहाली जाने की बात कोर्ट से कही थी. बुधवार को मामले के संबंध में साक्ष्य प्रस्तुत किए जाने थे. बताते चले कि 17 जून को अमीषा पटेल ने 1 करोड़ रुपए के चेक बाउंस मामले में रांची सिविल कोर्ट में सरेंडर किया था. (नीचे भी पढ़ें)
कोर्ट ने उन्हें 10-10 हजार रुपए के दो बेल बॉन्ड भरवाकर जमानत दे दी थी. अमीषा पटेल पर रांची के अरहोड़ा निवासी अजय कुमार सिंह ने 17 नवंबर 2018 को सीजीएम कोर्ट में शिकायत दर्ज करवाया था. अमीषा पटेल के खिलाफ फिल्म निर्माण के नाम पर पैसे लेने और फिल्म नहीं बनने के बावजूद पैसे लौटाने में टालमटोल के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई थी.



