देवघर : झारखंड के देवघर निवासी और प्रतिभाशाली युवा क्रिकेटर अरिकेत कुमार का चयन भारत की अंडर-14 क्रिकेट टीम में हुआ है. यह टीम 20 जून से 30 जून 2025 तक दुबई और अबू धाबी (यूएई) में होने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी. अरिकेत, जो विजय कुमार और आदिति पंडित के पुत्र हैं, बचपन से ही क्रिकेट के प्रति विशेष लगाव रखते हैं. उनके कठिन परिश्रम और समर्पण ने उन्हें यह बड़ी उपलब्धि दिलाई है. उन्होंने अब तक कई जिलास्तरीय और राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है और अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर खेलने जा रहे हैं. यह उपलब्धि केवल अरिकेत के परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि देवघर और झारखंड राज्य के लिए भी गर्व की बात है. उनका चयन जीतेंद्र व सुचिता स्पोटर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आयोजित चयन प्रक्रिया के तहत हुआ है. परिवार और पूरे क्षेत्रवासियों ने अरिकेत की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. अरिकेत का सपना है कि वह एक दिन भारत की सीनियर क्रिकेट टीम के लिए खेले और देश का नाम रोशन करे. अरिकेत के चाचा और भारतीय प्रजापति हीरोज़ ऑर्गेनाइजेशन के झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद कुमार प्रजापति ने बताया कि उनका भतीजा जरूर देश का नाम रोशन करेगा. इससे पूरा झारखंड गौरांवित हुआ है.



