देवघर : देवघर-जहां इन दिनों करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था उमड़ रही है, वहीं दूसरी ओर अपराध का एक ऐसा चेहरा भी सामने आया है जिसने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है. मोहनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो ऐसे युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से एक लोडेड देसी पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस,चार मोबाइल फोन, 1800 रुपये नकद और चोरी की एक ग्लैमर मोटरसाइकिल बरामद की गई है. (नीचे भी पढ़ें)
देवघर पुलिस के अधिकारियों ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 5 जुलाई को सूचना मिली थी कि मोहनपुर रेलवे स्टेशन के आसपास अपराधी राहगीरों से छिनतई की तैयारी कर रहे हैं. इस सूचना पर गठित विशेष पुलिस दल ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया. पूछताछ शुरू हुई तो एक-एक कर खुलासे होने लगे. पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपियों ने देवघर और सीमावर्ती इलाकों में चोरी, छिनतई, लूट, डकैती जैसी कई वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. (नीचे भी पढ़ें)
पूछताछ में सामने आया कि 18 जून 2026 को देवीपुर थाना क्षेत्र में मोबाइल और मोटरसाइकिल लूटने की कोशिश के दौरान मोटरसाइकिल चालक ने गाड़ी नहीं रोकी तो उसे गोली मार दी गई. उक्त घटना में चालक सुभाष मंडल उर्फ टिकू मंडल की मौत हो गई थी. यानी अब पुलिस की जांच केवल अवैध हथियार बरामद होने तक सीमित नहीं, बल्कि हत्या जैसे गंभीर मामले से भी इन गिरफ्तार आरोपियों के तार जोड़कर देखे जा रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने जसीडीह क्षेत्र में मोबाइल और मोटरसाइकिल लूटने, जमुई जिले में सीएसपी लूट की घटना तथा देवघर के पथरड्डा थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी जैसी घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. इसके अलावा अपहरण कर मोबाइल और नकदी लूटने के मामले का भी जिक्र है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से एक के खिलाफ पहले भी मोहनपुर थाना में वर्ष 2021 और 2022 के आपराधिक मामले दर्ज हैं.






