देवघर : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सदर अस्पताल द्वारा जन जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत पुराना सदर अस्पताल परिसर से प्रभात फेरी के साथ हुई, जिसे सिविल सर्जन डॉ. रमेश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. प्रभात फेरी में एएनएम एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा गर्मी एवं लू से बचाव संबंधी संदेशों का प्रचार-प्रसार किया. इसके उपरांत सदर अस्पताल, देवघर के सभागार में विश्व पर्यावरण दिवस पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. रमेश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है. स्वच्छ एवं हरित वातावरण न केवल प्राकृतिक संतुलन बनाए रखता है, बल्कि मानव स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाता है. उन्होंने सभी लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया. वहीं दूसरी ओर हीट एक्शन डे के संबंध में उन्होंने बताया कि बढ़ते तापमान एवं लू के प्रकोप से बचाव के लिए लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए, अनावश्यक रूप से धूप में निकलने से बचना चाहिए तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना चाहिए. कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण भी किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया. (नीचे भी पढ़ें)

उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि एक पौधा लगाना केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. इस अवसर पर उपाधीक्षक सदर अस्पताल डॉ सुषमा वर्मा, वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ अभय यादव, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ संचयन, जिला महामारी विशेषज्ञ डॉ मनीष शेखर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक नीरज भगत, जिला कार्यक्रम समन्वयक प्रवीण सिंह, राजेश रॉय, शंकर दयाल, अमरेन्द्र सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी एवं शहरी सहियाएं उपस्थित थीं.
कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण एवं लू से बचाव के प्रति जागरूक करना तथा सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना था. स्वास्थ्य विभाग द्वारा भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने की बात कही गई.







