चक्रधरपुर : चक्रधरपुर थानांतर्गत गुईगांव निवासी संजय बोयपाई नामक व्यक्ति की विगत 1 जून को हुई हत्या के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त देसी कट्टा एवं मोटरसाइकिल भी बरामद कर लिया है. गिरफ्तार अपराधियों से हुई पूछताछ में बात सामने आई है कि गिरफ्तार बीजू चौधरी का मृतक संजय बोयपाई के साथ भूमि विवाद को लेकर पुरानी रंजिश चली आ रही थी. इसी कारण से बिजू चौधरी ने अन्य गिरफ्तार अपराधियों के साथ मिल कर संजय की गोली मार कर हत्या करा दी. (नीचे भी पढ़ें)

बताते चलें कि विगत 1 जून की रात गुईगांव निवासी संजय बोयपाई की अज्ञात अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी थी. चक्रधरपुर थाना पुलिस ने उक्त मामले में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की. बाद में चक्रधरपुर एसडीपीओं एवं थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित एसआइटी ने मामले की तकनीकी एवं मानवीय सूचना तंत्र के माध्यम से जांच करते हुए विभिन्न स्थानों पर छापामारी की, जिसमें पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया. इनमें सुरेश सोय, कप्तास होनहागा उर्फ टाटा, गुने हिंदू अंगरिया उर्फ मोटा, बुधू बोदरा एवं बिजू चौधरी शामिल हैं. गिरफ्तार पांचों अपराधियों ने हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. पुलिस ने उनके स्वीकारोक्ति बयान एवं शिनाख्त के आधार पर हत्या में प्रयुक्त देसी कट्टा एवं मोटरसाइकिल बरामद कर ली है.







