
धनबाद : झारखंड के धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र के रामपुर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के ग्राहक सेवा केंद्र में अपराधियों ने धावा बोल दिया. अपराधियों ने हथियार के बल पर दिनदहाड़े बैंक डकैती को अंजाम दिया. बैंक डकैती करने पहुंचे अपराधियों ने इस दौरान सेवा केंद्र के अंदर और बाहर चार राऊंड फायरिंग की. फायरिंग में शाखा केंद्र के प्रबंधक भवेश महतो तथा दो ग्राहक बाल-बाल बच गये. लोगों ने बताया कि मोटरसाइकिल पर दो लोग बैठे थे. वे लोग फायरिंग करते हुए वहां से चले गये. स्टेट बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र में डकैती की सूचना मिलते ही भेलाटांड़ के शाखा प्रबंधक राजीव सिंह, धनबाद एफआइ मनोज कुमार भी सेवा केंद्र पहुंचे. इन लोगों ने भी मामले की पूरी जानकारी ली. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गयी है. (नीचे भी पढ़ें)
स्टेट बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र से अपराधी 35 हजार रुपये लूटकर फरार हो गये. इससे पहले अपराधियों ने ग्राहक सेवा केंद्र में फायरिंग की, जो भावेश के पास से निकल गयी. गोली दीवार में लगी. रुपये लूटने के बाद अपराधी आराम से वहां से फरार हो गये. बताया गया है कि अपराधी बाइक से आये थे और बाइक से ही वहां से भाग गये. इसी क्रम में पौने 12 बजे के करीब दो अपराधी एक बाइक से वहां पहुंचे. दोनों ने हेलमेट लगा रखी थी. दोनों अपराधी सीधे ग्रहक सेवा केंद्र के अंदर दाखिल हुए. अंदर पहुंचते ही दोनों अपराधियों ने केंद्र के संचालक भावेश पर पिस्तौल तान दी और कहा कि जितने भी पैसे हैं, वह उनके हवाले कर दो. इतना कहते ही उसने गोली चला दी. एक गोली भावेश के बगल से गुजर गयी. भावेश बाल-बाल बच गये. गोली उनके पास से निकली और दीवार में लगी. फायरिंग के समय ग्राहक सेवा केंद्र में एक बुजुर्ग महिला और एक युवती भी मौजूद थी.



