धनबाद : धनबाद के मुनी़डीह ओपी अंतर्गत आमडीह बस्ती के तीन लड़कों का अपहरण हो गया है. अपहर्ताओँ द्वारा लड़कों को छोड़ने के लिए तीन करोड़ रुपये की मांग किये जाने की सूचना है. अपहृत एक लड़के के भाई ने इस संबंध में थाना में मामवा दर्ज कराया है. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि धनबाद के मुनीडीह ओपी अंतर्गत आमडीह बस्ती निवासी मनोज कुमार महतो ने थाना में अपने बड़े भाई सरोज महतो एवं दो अन्य लड़कों के अपहरण का मामला दर्ज कराया है. उसने बताया है कि अपहर्ता तीनों लड़कों को छोड़ने के लिए तीन करोड़ रुपये की फिरौती मांग कर रहे हैं. मुनीडीह पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ अपहरण एवं फिरौती मांगने का केस दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार युवकों की तलाश में पुलिस की एक टीम को मुंबई रवाना कर दिया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
अपनी प्राथमिकी में शिकायतकर्ता मनोज महतो ने बताया है कि उसका बड़ा भाई सरोज कुमार महतो विगत 26 अप्रैल की सुबह बोकारो जिले के दुग्धा स्थित चंदवाडीह के मुखिया चंदन सिंह के घर गया था. वहां से मुखिया का ड्राइवर निजी कार से सरोज को करीब सवा आठ बजे सुबह रांची एयरपोर्ट ले गया, जहां से उसे हवाई जहाज से मुंबई ले जाया गया. इसके बाद 29 अप्रैल को सरोज ने उसे फोन किया कि उसका अपहरण हो गया है. यही नहीं, सरोज ने बताया कि उसके साथ दो अन्य युवक भी हैं. दूसरी ओर धनबाद के विधि व्यवस्था डीएसपी नौशाद आलम ने बताया कि अपहरण की शिकायत के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की कई एंगल्स से जांच आरंभ कर दी गई है. उन्होंने मामले का जल्द ही उद्भेदन कर दिये जाने की संभावना जताई.



