रांची : झारखंड में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने पांच राजनीतिक दलों को नोटिस जारी किया है. ये दल हाल के छह वर्षों में किसी भी लोकसभा, विधानसभा या उपचुनाव में भाग नहीं ले सके हैं. जिन दलों को नोटिस जारी किया गया है, उसमें पूर्व सांसद सालखन मुर्मू की पार्टी झारखंड दिशोम पार्टी, झारखंड जनाधिकार पार्टी. हजारीबाग का आपका हमारा पार्टी, गिरिडीह का बहुजन सदन मोर्चा और रांची का हम किसान पार्टी शामिल है. (नीचे भी पढ़े)
राजनीतिक दलों के पंजीकरण के दिशानिर्देशों के अनुसार, यदि कोई दल लगातार छह वर्षों तक चुनाव नहीं लड़ता है, तो उसे पंजीकृत दलों की सूची से हटाया जा सकता है. इसके अलावा, जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 29ए के तहत दलों को अपने नाम, पता और पदाधिकारियों के विवरण में किसी भी बदलाव को आयोग को सूचित करना अनिवार्य है. इन दलों के अध्यक्ष या महासचिव को 22 अगस्त तक शपथ पत्र सहित लिखित पक्ष रांची के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में भेजने का निर्देश दिया गया है. (नीचे भी पढ़े)
सुनवाई 29 अगस्त को सुबह 11:00 बजे आयोजित होगी. इससे पहले भी झारखंड में पांच अन्य दलों का पंजीकरण रद्द किया जा चुका है. निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी राजनीतिक दलों को उनके पंजीकृत पते पर भेजी है. साथ ही इसे समाचार पत्रों, सोशल मीडिया और अन्य सार्वजनिक माध्यमों से भी साझा किया गया है. राज्य निर्वाची पदाधिकारी ने सभी दलों के प्रतिनिधियों से समय पर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है.




