
जमशेदपुर : रांची की वाले इंफोटेक री-साइकिलिंग कंपनी जमशेदपुर में ई-वेस्ट (इलेक्ट्रॉनिक कचरा) प्रोसेसिंग प्लांट लगायेगी. झारखंड में यह पहला ई-वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट होगा. इसके लिए कंपनी ने गुरुवार को यहां बर्मामाइंस स्थित राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल) के साथ एमओयू किया.
उल्लेखनीय है कि एनएमएल पहले भी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ई-कचरा निष्पादन के लिए के तकनीकि स्थानांतरण कर चुका है. वाले इंफोटेक रिसाइकिलिंग ई-कचरा प्रोसेसिंग कर कीमती एवं बहुमूल्य धातु सोना, चांदी, कोबाल्ट, लीथियम आदि के अलावा का अन्य सभी पदार्थ का निष्कर्षण करेगी. यह झारखंड और जमशेदपुर के लिए बहुमूल्य तोहफा है. क्योंकि यह पूरे झारखंड में इस तरह की पहली औद्योगिक इकाई होगी.

तकनीकी पर्यावरण अनुकूल है एवं इसके सही निष्पादन से पर्यावरण स्वच्छ होगा. बेरोजार युवकों को रोगजार मिलेगा तथा असंगठित इकाई संगठित होकर कचरा उठाव व निष्पादन इस प्लांट के द्वारा कर सकेंगी. म्यूनिसिपल इकाई भी इस कंपनी से संपर्क कर कचरा निष्पादन कर सकेंगी.
एमओयू के अवसर पर एनएमएल के निदेशक डॉ इंद्रनील चट्टोराज, परियोजना प्रमुख डॉ मनीष कुमार झा, हेड एमईआर डिवीजन डॉ संजय कुमार, डॉ रंजीत कुमार सिंह, वैज्ञानिक एवं टीम शोधार्थी डॉ पंकज कुमार चौबे, डॉ अर्चना कुमारी, रेखा पांडा, ओम शंकर दिनकर उपस्थित थे. एमओयू में व्यापार प्रमुख डॉ एसके पाल व डॉ वीणा कुमारी ने सहयोग किया. डॉ अंजनी कुमार साहू ने ई-वेस्ट रिसाइकिलिंग के क्षेत्र में जमशेदपुर एवं झारखंड में संभावनाओं पर प्रकाश डाला.
















