गिरिडीह: प्रिंटर खराब एवं एप इंस्टाल नहीं होने का बहाना बनाकर अभिलेखागार के अधिकारियों द्वारा महीनों से खतियान के नकल के लिए किसानों को परेशान किए जाने के मामले में गिरिडीह जिला के सभी विधायकों द्वारा चुप्पी साधे जाने से नाराज किसानों ने मंगलवार को झंडा मैदान गिरिडीह में धरना दिया एवं शहर में प्रदर्शन किया. धरना को संबोधित करते हुए किसान मंच के जिला अध्यक्ष अवधेश सिंह अधिवक्ता ने कहा कि जिला प्रशासन का भूमाफियाओं से सांठ गांठ है. भू माफिया चाहते हैं कि किसानों के पास अपने जमीन का कागजात नहीं रहे ताकि वे आसानी से किसानों के जमीन का फर्जी कागज बनाकर हड़प सके. यही कारण है कि भू माफिया के इशारे पर जिला प्रशासन प्रिंटर खराब होने, एप इंस्टाल नहीं होने जैसे बहाना बनाकर किसानों को खतियान का नकल नहीं दे रहे है. किसान, नकल की मांग को लेकर ना सिर्फ विधायकों के द्वार पर जाकर फरियाद कर चुका है.(नीचे भी पढ़े)

बल्कि सड़कों पर उतरकर भी लगातार आंदोलन कर रहा है पर कोई भी विधायक मामले को संज्ञान में नहीं ले रहे हैं. सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी विधायक पूर्ण रूप से चुप्पी साध लिए हैं ताकि जिला प्रशासन के अधिकारी उनसे खुश रहे और उनके निजी लाभ के काम करते रहे. जिला प्रशासन को खुश रखने के चक्कर में हमारे जिले के विधायक, जन प्रतिनिधि होने का धर्म नहीं निभा रहे हैं. किसान मंच के सचिव विजय कुमार ने कहा कि जब तक हमारे विधायक जिला प्रशासन को खुश रखने के लिए अपने मुंह में दही जमाए रखेंगे. तब तक हम किसानों को आंदोलन करना ही पड़ेगा. किसान मंच के तिसरी अंचल अध्यक्ष दासो मुर्मू ने कहा कि हमें अपने विधायकों के जमीर को जगाना ही पड़ेगा. किसान मंच के देवरी अंचल अध्यक्ष अन्ना मुर्मू ने कहा कि प्रिंटर खराब होने का जब से बहाना बनाया गया है तब से लेकर अब तक अभिलेखागार के अधिकारी एवं कर्मियों ने बैठकर सरकार से जितना वेतन लिया है उतना राशि से अगर प्रिंटर खरीदा जाता तो एक के जगह कई नया प्रिंटर खरीदा जा सकता था. (नीचे भी पढ़े)
आज के धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में बेंगाबाद अंचल अध्यक्ष नबी अंसारी, पूर्व जिला महासचिव गंगाधर यादव, पूर्व सचिव देवचन्द्र यादव, पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष जोगेश्वर ठाकुर, बैजुन मुर्मू, मौजा कमिटी अध्यक्ष बिनोद हेंब्रम, सरजू हांसदा, हेमलाल सिंह, छत्रधारी सिंह, पूरन सिंह, राजेश किस्कू, अब्दुल अंसारी, कुदरत अली, बासुदेव मरांडी, थांभी मंडल, दिलीप यादव नारायण यादव, मीना मुर्मू, रुपिया, सोरेन, मुकेश हांसदा, हिरामन राय, शंकर तुरी सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे.











