
रांची : झारखंड सरकार ने बड़ा ऐलान किया. झारखंड सरकार ने महिला हॉकी टीम की खिलाड़ियों को 50-50 लाख रुपये देने की घोषणा कर दी है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इसका ऐलान किया. हेमंत सोरेन ने कहा है कि वे पूरी भारतीय महिला हॉकी टीम को सलाम करते है. झारखण्ड की बेटियों और बहनों ने भारतीय महिला टीम के प्रदर्शन में अद्भुत योगदान दिया. झारखण्ड सरकार ने ओलिंपिक शुरू होने से पहले ही घोषणा कर दी थी कि राज्य के खिलाड़ियों के स्वर्ण जीतने पर दो करोड़, रजत जीतने पर एक करोड़ और कांस्य जीतने पर पचास लाख रुपये दिये जायेंगे. भारतीय महिला टीम कांस्य की जंग में जीत नहीं पायी. झारखण्ड की बेटियों के बेहतर प्रदर्शन के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम में शामिल सभी झारखण्ड की बेटी खिलाड़ियों को सरकार अपने पूर्व के फैसले को संशोधित कर 50-50 लाख रुपये देगी और सभी के पैतृक घर को पक्के के मकान में तब्दील करायेगी. भारतीय महिला हॉकी टीम ने सेमीफाइनल में पहुंचकर इतिहास रच दिया और अपने जज्बे से साबित कर दिया कि वह दुनिया की बेहतर से बेहतर टीम को टक्कर देने का माद्दा रखती है.




