रांची: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को चाईबासा में नक्सली आईईडी ब्लास्ट में शहीद सीआरपीएफ के एसआई को श्रद्धांजलि दी. राज्यपाल ने कहा कि सुनील मंडल का अदभ्य साहस और सर्वोच्च बलिदान हमेशा याद किया जाएगा. वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे. शहीद के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में परिजनों के साथ पूरा राष्ट्र खड़ा है. (नीचे भी पढ़े)
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ईश्वर से दिवंगत शहीद जवान की आत्मा को शांति प्रदान करने और शोकाकुल परिजनों को दुख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की. सीएम ने शहीद के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की. इस मौके पर डीजीपी अनुराग गुप्ता, सीआरपीएफ के आईजी साकेत सिंह समेत काफी संख्या में पुलिस अधिकारी मौजूद थे. विदित हो कि 22 मार्च को चाईबासा में नक्सलियों के द्वारा बिछाए गए आईईडी की चपेट में आने से सीआरपीएफ के सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार मंडल शहीद हो गए थे.














