हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना अंतर्गत कोसुंभा गांव में 12 वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में हाईकोर्ट ने सोमवार को स्वतः संज्ञान लिया है. न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने घटना को अत्यंत गंभीर मानते हुए इस पर कड़ी नाराजगी जताई. हाईकोर्ट ने इस मामले में गृह सचिव, डीजीपी और हजारीबाग के एसपी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. अदालत ने प्रशासन से स्पष्ट रूप से पूछा है कि अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी क्यों नहीं हो सकी. कोर्ट के इस कदम के बाद पुलिस और प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है. कोर्ट में सुनवाई के दौरान हजारीबाग के एसपी अंजनी अंजन वर्चुअली उपस्थित हुए. हाईकोर्ट ने पूछा कि घटना के सातवें दिन वारदात में शामिल आरोपी अभी तक गिरफ्तार क्यों नहीं हुआ? घटना की प्राथमिकी देर से क्यों दर्ज हुई? अदालत ने इस मामले में कड़ी नाराजगी जताई. (नीचे भी पढे)
अदालत ने मौखिक रूप से कहा कि इस घटना से मानवता शर्मसार हुई है.घटना के छह दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक मुख्य आरोपियों को पकड़ने में असफल रही है. इस वजह से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. गांव में लगातार जनप्रतिनिधियों का आना-जाना लगा हुआ है, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है.मामले को लेकर सियासत भी तेज हो गई है. भाजपा ने हजारीबाग बंद का ऐलान किया, जिसका असर क्षेत्र में साफ देखने को मिला. वहीं रविवार को केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी भी कोसुंभा गांव पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर न्याय दिलाने का भरोसा दिया.पूरे मामले में अब न्याय की मांग और तेज हो गई है. हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि जांच में तेजी आएगी और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी होगी. फिलहाल प्रशासन पर हर स्तर से दबाव बना हुआ है और लोग जल्द न्याय की उम्मीद कर रहे हैं.














