
रांची : झारखंड हाईकोर्ट को बहुत ही जल्द पांच नए जज मिलने वाले है. इन जजों की नियुक्ति के लिए सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम ने हाईकोर्ट से भेजे गए पांच नामों को ही मंजूरी प्रदान कर दी है. जल्द ही अब राष्ट्रपति भवन से मंजूरी मिलेगी. इसके बाद केंद्रीय विधि व न्याय विभाग की ओर नियुक्ति की अधिसूचना जारी कर दी जाएगी. सभी पांच जज न्यायिक सेवा के अधिकारी है. जिन पांच लोगों के नाम की मंजूरी प्रदान की गयी है, इनमें प्रधान जिला जज प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, ज्यूडिश्यिल एकेडमी के निदेशक गौतम कुमार चौधरी, हाईकोर्ट के रजिस्टार जनरल अंबुज नाथ रांची के प्रधान न्यायुक्त नवनीत कुमार व राज्य के विधि सचिव संजय प्रसाद का नाम शामिल है. वर्तमान समय में हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस समेत 15 जज है. नए जजों की नियुक्ति के बाद इनकी संख्या 20 हो जाएगी. जिससे लंबित मामलों को निपटारा भी सकेगा. जबकि हाई कोर्ट में स्वीकृत जजों की संख्या 25 है.





