जमशेदपुर : झारखंड में कांग्रेस, झामुमो और राजद की ओर से अब तक प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की गयी है. इस कारण सभी की निगाहें इन पार्टियों पर टिकी हुई है. कांग्रेस ने तीन सीट पर अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है, जिसमें लोहरदगा से सुखदेव भगत, खूंटी कालीचरण मुंडा और हजारीबाग से जेपी पटेल को टिकट दिया गया है. इसके अलावा बचे हुए 11 सीटों पर अभी प्रत्याशियों की घोषणा की जानी है. इस बीच झामुमो के विधायक दल की बैठक 5 अप्रैल को बुलायी गयी है. बताया जाता है कि 5 अप्रैल को इस पर फैसला लिया जा सकता है और 6 अप्रैल को टिकटों की घोषणा कर दी जा सकती है. (नीचे भी पढ़ें)
मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के स्तर पर यह मीटिंग विधायक दल की बुलायी गयी है, जिसमें पार्टी के आला नेता भी रहेंगे. वहीं, गांडेय के उपचुनाव को लेकर भी प्रत्याशी के नाम की चर्चा होगी, जिसमें कल्पना सोरेन का नाम सबसे ऊपर है. हो सकता है कई सीटों पर सहमति ली जा सकती है. इस बीच जमशेदपुर और सिंहभूम संसदीय सीट को लेकर दावेदारी तेज है. सिंहभूम संसदीय सीट पर अगर कोई नयी ज्वाइनिंग नही करायी गयी तो चाईबासा के विधायक और मंत्री दीपक बिरुआ या खरसावां के विधायक दशरथ गगराई को प्रत्याशी बनाया जा सकता है. (नीचे भी पढ़ें)
यहां से कुछ लोग सुखराम उरांव का नाम भी ले रहे है. वहीं, जमशेदपुर लोकसभा सीट से प्रत्याशी के नाम को फाइनल नहीं किया गया है. उम्मीद की जा रही है कि अंदर के प्रत्याशियों को टिकट दिया गया तो आस्तिक महतो ही बड़े दावेदार है. इसके अलावा टिकटों के लिए मोहन कर्मकार को भी दावेदार बताया जा रहा है. इसके अलावा सुनील महतो मिता और सुमन महतो जैसे नेता भी इन सीटों पर दावेदारी कर रहे है. वैसे अंदरखाने कई लोग भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी का भी नाम ले रहे है. लेकिन खुद कुणाल इन बातों से इनकार कर रहे है. वैसे भी जेल से पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन को संदेश भिजवाया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि वैसे ही कार्यकर्ता को टिकट दें, जो पार्टी से लंबे समय से जुड़े हुए हैं. किसी आयातित को टिकट न दें.इसको लेकर फैसला लेने को कहा गया है. इसको देखते हुए पांच अप्रैल को मीटिंग बुलायी गयी है. इस बीच 6 अप्रैल तक कांग्रेस भी अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर सकती है. राजद को भी टिकट देने की तैयारी की गयी है, जिसके लिए प्रत्याशी के नाम का ऐलान संभव है.




