
बस्तर : छत्तीसगढ़ के अति नक्सल प्रभावित इलाके बस्तर के बिजापुर जिले में सोमवार को नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में सीआरपीएफ के 170वीं बटालिया के जवान मुन्ना यादव शहीद हो गये. मुन्ना यादव झारखंड के साहेबगंज जिले का रहने वाले थे. छत्तीसगढ़ पुलिस के मुताबिक, बिजापुर और दंतेवावाडा की टुकड़ी मिलकर नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रही थी. छत्तीसगढ़ आर्म्स फोर्स, सीआरपीएफ की टीम और डीआरजी की टीम जंगल में नक्सलियों की खोज कर रही थी. इसी बीच उरीपाल गांव में दोपहर करीब दो बजे अचानक से नक्सलियों ने ह मला बोल दिया. इस हमले के दौरान नक्सली घने जंगल में छिपकर फायरिंग कर रहे थे. इसकी तत्काल सूचना हेडक्वार्टर दी गयी, जिसके बाद जवानों को सुरक्षित निकालने के लिए पुलिस फोर्स को फिर से भेजा गया. इस घटना में सीआरपीएफ का जवान घायल हो गया था, जिसकी बाद में मौत हो गयी. शहीद मुन्ना यादव का शव को मंगलवार को हेलीकॉप्टर से झारखंड के गृज जिला साहेबगंज भेजा जायेगा. छत्तीसगढ़ पुलिस और सरकार की ओर से रायपुर एयरपोर्ट पर सलामी भी दी जायेगी, जिसके बाद शव को रवाना किया जायेगा. वैसे आपको बता दें कि नक्सलियों का हमला तेज हो गया है और छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव के मदनवाड़ा में भी नक्सलियों ने हमला बोलकर श्याम किशोर नामक सब इंस्पेक्टर को शहीद कर दिया था.












