
झारखंड : झारखंड प्रदेश भाजपा के पूर्व व पहले अध्यक्ष और लोहरदगा लोकसभा संसदीय सीट के पूर्व सांसद दुखा भगत का कोरोना के कारण निधन हो गया. वे मूल रूप से लोहरदगा के रहने वाले थे. कोरोना संक्रमित होने के बाद उनका इलाज रिम्स अस्पताल में चल रहा था. रिम्स अस्पताल में ही उन्होंने अंतिम सांस ली. कोरोना संक्रमित होने के बाद उन्हें रिम्स में भर्ती कराया गया था. वे अपने पीछे पत्नी, तीन बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं. दुखा भगत ने कांग्रेस के दिग्गज नेता और वर्तमान मंत्री रामेश्वर उरांव को लोकसभा चुनाव में हरा कर जीत हासिल की थी. दुखा भगत 1999 से 2004 तक लोगरदगा के सांसद रहे थे. झारखंड को अलग राज्य घोषित कराने में भी उनका अहम योगदान रहा. झारखंड का अलग राज्य होने के बाद वे भाजपा के पहले प्रदेश अध्यक्ष बने. उनके निधन पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबू लाल मरांडी समेत अन्य नेताओं ने शोक व्यक्त किया है. वहीं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी ट्वीट कर शोक व्यक्त किया है. शोक संदेश में उन्होंने कहा कि परमात्मा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा इस घड़ी में शोक संतप्त परिवार को दुःख सहने करने की शक्ति दें.




