
रांचीः भारतीय महिला हॉकी टीम ने टोक्यो ओलिंपिक में शानदार प्रदर्शन किया. लगातार तीन हार के बाद किसी टीम को सेमीफाइनल तक पहुंचना अपने अपने आप में ही अच्छा प्रदर्शन ही कहा जाएगा. वैसा ही महिला हाकी ने किया, हलांकि सेमीफाइनल में अर्जेटीना की टीम से 2-1 से हार गयी और इसके बाद कांस्य पदक के लिए ग्रेट ब्रिटेन की टीम से 4-3 से हार कर पदक की होड़ से बाहर हो गयी. टीम की सदस्यों में कप्तान रानी रामपाल, सविता पुनिया, वंदना कटारिया के साथ झारखंड की मिडफील्डर निक्की प्रधान व डिफेंडर सलीमा टेटे का लाजबाव प्रदर्शन रहा. सलीमा टेटे के बारे में जानकारो का कहना है कि उसमें गजब की चपलता ओर तेजी है. देशवासियों का दिल जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी व झारखंड की दोनों बेटियां सिमडेगा की सलीमा टेटे व खूंटी की निक्की प्रधान बुधवार को रांची आएंगी. दोपहर 12.45 बजे वे रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगी. जहां उनका भव्य स्वागत होगा. इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उनको सम्मानित करेंगे. झारखंड की इन दोनों खिलाड़ियों के स्वागत को लेकर सूबे के खेलप्रेमी उस पल का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.विदित हो कि भारतीय महिला टीम की सदस्य निक्की प्रधान और सलीमा टेटे के साथ हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोला नाथ सिंह भी बुधवार को रांची पहुंचेंगे. दिल्ली से रांची विमान सेवा से रांची पहुंचने के बाद तीनों मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलेंगे. मुख्यमंत्री झारखंड की दोनों बेटियों को सम्मानित करेंगे. हॉकी झारखंड के सीईओ रजनीश कुमार ने बताया इन तीनों के रांची आगमन पर जोरदार स्वागत किया जाएगा. टोक्यो ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम का सफर बिना पदक के भले ही थम गया। लेकिन उनके प्रदर्शन के सभी मुरीद हो गए.



