
रांचीः टोक्यो ओलिंपिक में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की सदस्य रहीं झारखंड की बेटियां सलीमा टेटे और निक्की प्रधान का सम्मान समारोह शुक्रवार को आयोजित किया गया. झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो इन्हें सम्मानित किया. यह सम्मान समारोह विधानसभा परिसर में आयोजित किया गया। इससे पहले इन दोनों खिलाड़ियों को झारखंड सरकार की तरफ से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सम्मानित कर चुके हैं. इसमें दोनों को पचास पचास लाख रुपये की पुरस्कार राशि के साथ एक एक स्कूटी प्रदान की गई.विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने कहा कि झारखंड की इन बेटियों ने देश ही नहीं पूरी दुनिया में राज्य का परचम लहराया है. यह हमारे लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि झारखंड में खेल के क्षेत्र से प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए राज्य सरकार कई अहम कदम उठा रही है. इसके तहत सरकार ने खिलाड़ियों को सीधे सरकारी नियुक्ति देने की पहल की है. इसके अलावा खेल की गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए जिला स्तर पर खेल पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है. उन्होंने कहा कि झारखंड की माटी से निकलने वाली ऐसी प्रतिभाएं ही इस राज्य को देश व दुनिया में गौरव दिलाएंगी.कार्यक्रम के दौरान इन खिलाड़ियों ने कहा कि हम सम्मान से अभिभूत हैं. भविष्य में हम देश के लिए और बेहतर कर सकें. यही हमारा लक्ष्य होगा. इन खिलाड़ियों ने विधानसभा अध्यक्ष व झारखंड सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया. कहा कि हमारा सम्मान झारखंड की हर बेटी, हर युवा का सम्मान है. खिलाड़ियों ने कहा कि उन्हें यहां आकर अच्छा लग रहा है. यह जीवन के सपनों के सच होने जैसा है.दोनों खिलाड़ियों ने कहा कि उनकी कोशिश होगी कि दूसरे खिलाड़ी भी अलग अलग खेलों में आगे आएं.



