
रांची : झारखंड में सत्ताधारी झामुमो में पारिवारिक विवाद एक बार फिर से चरम पर पहुंच चुका है. झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष और गुरुजी शिबू सोरेन की बहु और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन ने एक पर एक चार ट्विट कर झारखंड की सत्ता को हिलाकर रख दिया है. उन्होंने एक ट्विट के बाद एक नहीं चार चार ट्विट करके सरकार को भी सोचने पर मजबूर कर दिया है. दरअसल, सीता सोरेन गुरुवार को झामुमो के लोगों को हटाये जाने का विरोध कर रही है. आपको बता दें कि सीता सोरेन झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन के बड़े बेटे दुर्गा सोरेन की बहू है, जिनका देहांत होने के बाद सीता सोरेन ही उनकी सीट जामा से विधायक बनती रही है. सीता सोरेन के पति दुर्गा सोरेन झामुमो और झारखंड अलग राज्य के आंदोलन में काफी सक्रिय रहे थे, लेकिन इस बीच उनकी सामान्य तरीके से मौत हो गयी. इसके बाद सीता सोरेन अपने आपको उपेक्षित महसूस करती रहती है, जिस कारण हाल ही में दुर्गा सोरेन सेना का गठन सीता सोरेन और दुर्गा सोरेन की दो बेटियों ने मिलकर किया है. सीता सोरेन ने शुक्रवार को ट्विट किया ”मुक्त करो मुझे शैतानों से सोये क्यूँ हो अब तक, रो-रो कर कहती धरती माता, दो हर दिल पर दस्तक-जिस जल, जंगल और जमीन को बचाने के लिए झारखंड का निर्माण किया गया था वो झारखंड अब खुद को बचाने की पुकार कर रही है. झारखंड की धरती चीख़ कर यह कह रही हैं कि दलालों और बेईमानों के चंगुल से मुझे बचाया जाए. झारखंड कि इसी चीख़ और पुकार को सुनकर शायद दुर्गा सेना का गठन किया गया है. केंद्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन, आपके और स्वर्गीय दुर्गा सोरन के खून-पसीने से खड़ी की गई पार्टी वर्तमान में दलालों और बेईमानों के हाथों में चली गई है, ऐसा प्रतीत हो रहा है. स्थिति अगर यही रही तो पार्टी कई गुटों में बंटती नज़र आएगी. दलालों और बेईमानों से पार्टी को बचाना अब सिर्फ आपके हाथों में है. जिस उम्मीद और आशा के साथ पार्टी की नींव रखी गई थी उसे सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी सिर्फ आपके हाथो में और किसी में नहीं. पार्टी तोड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई आप करे न कि कोई और.” इस ट्विट की गूंज सुनायी देने लगी है और पार्टी में अंदर ही अंदर माहौल गर्माता नजर आ रहा है.





