
धनबाद : झारखंड के धनबाद के एडीजे उत्तम आनंद की हत्या के मामले में शनिवार को सीबीआइ की टीम घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंची. टीम ने घटनास्थल पहुंचकर पहले तो जांच की और फिर क्राइम सीन रिक्रिएट यानी फिर से पूरे घटनाक्रम का नाट्य रुपांतर किया. टीम ने सीन रिक्रिएट कर पूरी घटना को समझने का प्रयास किया. सीन को रिक्रिएट करने से पहले रास्ते में मौजूद सभी वाहनों को सड़क से हटा दिया गया था. इधर हत्या के आरोपी लखन कुमार वर्मा और राहुल कुमार को अदालत ने सीबाआई को रिमांड पर सौंपने का निर्देश दिया है. सीबीआई दोनों को पांच दिनों के रिमांड पर रखकर पूछताछ करेगी. इस मामले में हाईकोर्ट के निर्देश पर दिल्ली सीबीआई की स्पेशल क्राइम ब्रांच-1 ने मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज की थी. प्राथमिकी का आधार 28 जुलाई को एडीजे की पत्नी कृति सिन्हा के फर्दबयान पर धनबाद सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. इस मामले की निगरानी हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट भी कर रही है. इसको लेकर पूरे घटनाक्रम को समझने का प्रयास किया गया.





