लोहरदगा: लोहरदगा जिले के पेशरार थाना क्षेत्र अंतर्गत केकरांग बरटोली में बुधवार रात हुए डायन बिसाही और ओझा गुणी के आरोप में तीन लोगों की निर्मम हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने तीन हत्यारों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है. लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी. विदित हो कि डायन बिसाही के आरोप में बुधवार रात पति, पत्नी और 9 साल के बेटे की हत्या कर दी गई थी. इसके बाद पुलिस ने एसआईटी का गठन कर गांव के तीनों हत्यारों को गिरफ्तार किया और जेल भेज दिया. (नीचे भी पढ़े)
पुलिस ने खून से सने हुए कपड़े, खून लगा पत्थर, और हत्याकांड को अंजाम देने वाली खून लगे कुदाल और बैट को हत्यारों के निशानदेही पर जब्त किया है.हत्यारों की पहचान सुखनाथ नगेसिया, बिंदेश्वर नगेसिया और संचारवा नगेसिया के रूप में हुई है, तीनों बरटोली के ही निवासी हैं. घटना के मुख्य आरोपी सुखनाथ नगेसिया को मृतका बिफनी नगेसिया पर शक था. उसका मानना था कि बिफनी के ओझा गुणी के कारण उसकी पत्नी का गर्भपात हुआ और वह बीमार रहती है. वहीं, हत्या के आरोपी बिंदेश्वर नगेसिया को भी उसकी मां के बीमार होने के कारण मृतिका का ओझा गुणी लगता था. इसके बाद सुखनाथ और बिंदेश्वर ने संचारवा के मदद से घटना को अंजाम देते हुए बिफनी नगेसिया, उसके पति लक्षमण नगेसिया और 9 साल के बेटे रामविलास नगेसिया की कुदाल और पत्थर से निर्मम हत्या कर दी. पुलिस ने घटना में शामिल तीनों हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया और जेल भेज दिया है. इस मामले को लेकर रांची हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया था.



