रांची : झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की चुनाव संचालन समिति ने अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए विगत 13 अप्रैल को धनबाद केंद्र में आयोजित मतदान वहां हुई अनियमितता के कारण रद्द कर दिया है. चुनाव समिति ने अध्यक्ष पद के प्रत्याशी बसंत कुमार मित्तल द्वारा की गई अनियमितता की शिकायत पर पूरी मतदान प्रक्रिया की जांच कराने के बाद मतदान रद्द कर वहां दोबारा चुनाव कराने का निर्णय लिया है. समिति ने धनबाद के पीठासीन पदाधिकारी से यह बताने को कहा है कि वे वहां दोबारा कब चुनाव संपन्न करा सकते हैं. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए पूरे राज्य में 28 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया गया था. मतदान संपन्न होने के बाद अध्यक्ष पद के दोनों प्रत्याशियों ने धनबाद सहित कतिपय बूथों पर मतदान में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए वहां का मतदान रद्द करने की मांग की थी. प्रत्याशियों की आपत्तियों के मद्देनजर चुनाव संचालन समिति ने उक्त मतदान केंद्रों पर हुए मतदान की गुरुवार 17 अप्रैल तक जांच कराने के बाद निर्णय लेने की घोषणा की थी.
आज मुख्य चुनाव पदाधिकारी विनय सरावगी ने धनबाद मतदान केंद्र में मतदान के दौरान गड़बड़ी होने की पुष्टि करते हुए वहां के मतदान को रद्द कर वहां दोबारा मतदान संपन्न कराने का निर्णय निर्णय लिया. मुख्य चुनाव पदाधिकारी विनय सरावगी ने गुरुवार शाम इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है.
समिति ने धनबाद के पीठासीन पदाधिकारी को बताया है कि धनबाद मतदान केंद्र पर मृत व शहर से बाहर गये व्यक्तियों का मतदान कराये जाने सहित कई अन्य आरोप सही पाये जाने की जानकारी देते हुए धनबाद बूथ का मतदान रद्द करने की घोषणा कर दी है. धनबाद के पीठासीन पदाधिकारी को चुनाव संचालन समिति के सभी चार पदाधिकारियों के हस्ताक्षर के साथ प्रेषित पत्र में धनबाद केंद्र का चुनाव फिर से कराने का निर्देश देते हुए उनसे यह बताने का आग्रह किया है कि वे कब तक दोबारा मतदान संपन्न करा सकते हैं. पीठासीन पदाधिकारी के जवाब के बाद ही समिति धनबाद में दोबारा मतदान की तिथि तय करेगी.




