रांची: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कांग्रेस के बेरमो विधायक जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह को समन भेजा है. समन में 24 दिसंबर को रांची स्थित जोनल कार्यालय में उपस्थित होने के लिए कहा गया है. विदित हो कि कांग्रेस के बेरमो विधायक अनूप सिंह के बयान पर रांची के अरगोड़ा थाने में कोलकाता से 50लाख रुपए के साथ गिरफ्तार झारखंड के तीन विधायक जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी, कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी और विधायक राजेश कच्छप के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को ईडी ने नवंबर माह में टेकओवर किया था. तीनों विधायकों के खिलाफ अनूप सिंह ने रांची के अरगोड़ा थाने में 31 जुलाई को एफआईआर दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि झारखंड सरकार को गिराने की तीनों विधायकों ने साजिश रची थी. (नीचे भी पढ़े)
इसके बाद केस को टेकओवर करते हुए ईडी ने मनी लांड्रिग मानते हुए मामले की जांच कर रही है. विदित हो कि विगत महीने ही विधायक अनूप सिंह के रांची, पटना, बेरमो स्थित ठिकानों पर आयकर की भी छापेमारी हो चुकी है. आयकर विभाग को उनके ठिकानों से भी कर चोरी से संबंधित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं, जिसके संबंध में पूछताछ के लिए अनूप सिंह को आयकर विभाग के दफ्तर में बुलाया गया था. वहीं अनूप सिंह ने दावा किया था कि उन्होंने कोई कर चोरी नहीं की है.




