रांची : झारखंड में भले ही मॉनसून ने पिछले वर्ष की तुलना में पांच दिन पहले 12 जून को संताल परंगना के रास्ते दस्तक दे दी है. परंतु धीरे-धीरे यह कमजोर पड़ता जा रहै है. रांची को छोड़कर शेष जिलों में सामान्य वर्षापात से बहुत कम बारिश हुई है. वहीं मंगलवार को मौसम विभाग केंद्र रांची के अनुसार अगले दो दिन बारिश की रफ्तार थोड़ी धीमी रह सकती है. इसके बावजूद मंगलवार को बोकारो, देवघर, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, गिरिडीह, जामताड़ा, सरायकेला-खरसावां, पश्चिम सिंहभूम, दुमका और गोड्डा में तेज हवा व गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना बनी हुई है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी. (नीचे भी पढ़ें)
रांची में सामान्य से अधिक, राज्य में कम : मॉनसून कमजोर पड़ने के कारण ही राज्य में बारिश के आंकड़ों में बड़ा अंतर देखा गया है. झारखंड में अब तक केवल 29.3 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य (61.1 मिमी) से 52 फीसदी कम है. वहीं दूसरी ओर, बीते दो दिनों में हुई भारी बारिश के कारण राजधानी रांची में आंकड़ा काफी बढ़ गया है. रांची में जून महीने में अब तक 86.4 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य (62.1 मिमी) से 39 फीसदी अधिक है. पूर्वी सिंहभूम में 38.2 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य (85.4 मिमी) से 55 फीसदी कम है. वहीं पश्चिम सिंहभूम में 30.3 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य 69.7 मिमी से 57 फीसदी कम है. सरायकेला खरसावां जिले में अब तक 15.3 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य 74.7 मिमी से 80 फीसदी कम है.







