रांची: झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र अब 22 से 28 अगस्त तक चलेगा. इस सत्र के दौरान चार कार्यदिवस होंगे. 23 को शनिवार और 24 अगस्त को रविवार होने के कारण दो दिन सत्र नहीं चलेगा. 27 अगस्त को भी अवकाश होगा. विदित हो कि मानसून सत्र पहले 1 अगस्त से 7 अगस्त तक निर्धारित किया गया था और इसका शुभारंभ 1 अगस्त को हुआ था. हालांकि, 4 अगस्त को दिशोम गुरु और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन के कारण सत्र को तत्काल प्रभाव से अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था. सत्र स्थगन के बाद विधानसभा सचिवालय द्वारा संशोधित तिथि जारी की गई है, जिसके अनुसार अब मानसून सत्र 22 अगस्त से पुनः शुरू होगा. (नीचे भी पढ़े)
इस दौरान सरकार कई महत्वपूर्ण विधायी कार्यों को पूरा करने की कोशिश करेगी. विदित हो कि 22 अगस्त को वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्रथम अनुपूरक व्यय विवरणी पेश की जाएगी. उसके बाद शोक सभा होगा. इसमे दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी जाएगी. 23 और 24 को अवकाश रहेंगा. 25 को प्रश्नकाल होगा तथा प्रथम अनुपूरक व्यय विवरणी पर चर्चा की जाएगी. 26 अगस्त को प्रश्नकाल होगा एवं राजकीय विधेयक पेश और पास कराए जाएंगे. 27 को गणेश चतुर्थी की छुट्टी रहेगी. 28 अगस्त को प्रश्नकाल होगा एवं राजकीय विधेयक पेश किए जाएंगे उसके बाद विधानसभा सदस्यों द्वारा अपने-अपने गैर सरकारी संकल्प पेश किये जाएंगे.



