रांची: झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र आज का दूसरा दिन आज है. सत्र की शुरुआत से पहले ही विपक्ष ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. सूर्या हांसदा एनकाउंटर और रिम्स-2 से जुड़े विवाद को लेकर विपक्षी विधायकों ने विधानसभा परिसर में विरोध प्रदर्शन किया. विपक्षी दलों के विधायक हाथों में तख्तियां लेकर परिसर में पहुंचे.इन तख्तियों पर सूर्या हांसदा के खून का हिसाब आदिवासी समाज मांग रहा जवाब जैसे नारे लिखे हैं. प्रदर्शन कर रहे विधायकों ने साफ कहा कि वे इन मुद्दों को विधानसभा की कार्यवाही में प्रमुखता से उठाएंगे. (नीचे भी पढ़े)
विपक्ष का आरोप है कि सूर्या हांसदा एनकाउंटर फर्जी था और इस मामले में सरकार पूरी तरह से जिम्मेदार है. विपक्ष मांग कर रहा है कि इस पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच कराई जाए.इधर, रांची के नगड़ी इलाके में बन रहे रिम्स-2 अस्पताल को लेकर भी विवाद गहराता जा रहा है. स्थानीय रैयतों द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शन और पुलिस के साथ हुई झड़पों को लेकर भी बीजेपी सरकार से जवाब चाहती है. पार्टी का कहना है कि सरकार जबरन भूमि अधिग्रहण कर रही है और आदिवासी हितों की अनदेखी कर रही है.ऐसा माना जा रहा है कि विपक्ष पूरे सत्र के दौरान सूर्या हांसदा एनकाउंटर और रिम्स-2 से जुड़ी जमीन विवाद जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरेगा, वहीं सत्ता पक्ष भी पलटवार के लिए तैयार है. आने वाले दिनों में सदन में और तीखे टकराव की संभावना जताई जा रही है.इससे पहले सदन के बाहर ब्लॉक नेताओं ने 130वें संविधान संशोधन विधेयक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. उन्होंने एक स्वर में ‘तानाशाही बंद करो’ और ‘वोट चोरी करना बंद करो’ के नारे लगाए.



