मेदिनीनगर (पलामू) : विश्व नशा मुक्ति दिवस के मौके पर बेरोजगार संघर्ष मोर्चा के जिला कार्यालय में एक विचार गोष्ठी आयोजित की गयी. कार्यक्रम की अध्यक्षता मोर्चा अध्यक्ष उदय राम ने की. संचालन संजय कुमार ने किया.
इस मौके पर अपने संबोधन में मोर्चा अध्यक्ष उदय राम ने कहा कि नशा शरीर को दीमक की तरह चाट जाती है. नशा नाश का कारण है. नशा से आज हर घर प्रभावित है तथा इसका सबसे ज्यादा बुरा प्रभाव युवा पीढ़ी पर पड़ रहा है. किसी ने सही कहा है कि ‘नशा का जो हुआ शिकार उसका उजड़ा घर-परिवार.’ एक रिपोर्ट के मुताबिक पूरे विश्व में हर साल नशाखोरी से 20 लाख लोगों की मौत होती है. उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति अभियान को जन आंदोलन का रूप दिया जाना चाहिए ताकि स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके. मोर्चा अध्यक्ष ने कहा कि नशा मुक्त समाज का निर्माण हो, इसके लिए जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है. शिवनारायण शाह ने कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए युवा पीढ़ी को आगे आने की जरूरत है. इस अवसर पर अजय साव, सनी कुमार, मोहमद जुबेर, मिथिलेश कुमार, गोपाल चौधरी, हयात अहमद, अजित सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए.



