जादूगोड़ा : लगातार हो रही झमाझम बारिश ने नरवा पहाड़ की गुर्रा नदी ने भारी तबाही मचाई है. नदी के तटबंध पर बसे जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के ख़ुर्शी गांव में नदी का पानी घुस गया व भारी तबाही मचाई. घर में रखे चावल, आटा, बरतन समेत अन्य घरेलू सामान अपने साथ बहा ले गया. इस दौरान फूस का घर पूरी तरह ढह गया. करीबन 20 हजार के सामान बह गए. (नीचे भी पढ़ें)
इधर पीड़ित विष्णु मंडल कार्तिक मानस व महिला ज्योत्स्ना मंडल ने प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है, ताकि आगे की जिन्दगी आराम से चल सके. पूछे जाने पर पीड़ित परिवार ने कहा कि उसके घर में कुछ भी नहीं बचा है. घर में रखे 75 किलो चावल, 20 केजी धान बीज, आटा 10 किलो के साथ सारे बरतन भी बह गये. घटना की सूचना के बाद पंचायत सचिव अमित रौशन बाड़ा ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सरकारी प्रावधान के तहत मदद का भरोसा दिया है. बहरहाल देखना यह है कि बाढ़ पीड़ितों को मदद कब पहुंचती है व झारखंड सरकार राहत दे पाती है, यह गौर करने वाली बात होगी.



