मेदिनीनगर (पलामू) :
बेरोजगार संघर्ष मोर्चा के जिला कार्यालय में नीलाम्बर-पीताम्बर का 168वां शहादत दिवस मनाया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता मोर्चा अध्यक्ष उदय राम ने की. संचालन संजय कुमार ने किया. सर्वप्रथम नीलाम्बर-पीताम्बर की तस्वीर पर फुल माला चढ़ाकर कार्यक्रम की शुरुआत की गयी. मोर्चा अध्यक्ष उदय राम ने कहा की नीलाम्बर-पीताम्बर जन क्रांति के सच्चे नायक थे. उन्होंने अंग्रेजी हुकुमत के शोषण, दमन, अन्याय व अत्याचार के खिलाफ आंदोलन किया था. 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में दोनों भाइयों ने अंग्रेजों के साथ गुरिल्ला युद्ध किया था. इस युद्ध में उन्होंने अंग्रेजों के दात खट्टे कर दिये थे. दोनों भाइयों ने अन्याय के खिलाफ कभी समझौता नहीं किया. देश की अजादी के लिए ये दोनों योद्धा हंसते-हंसते फांसी के फंदे पर चढ़ गये. (नीचे भी पढ़ें)
उदय राम ने कहा कि देश और राज्य के अन्दर आज भी शोषण दमन, अन्याय चरम सीमा पर है. मोर्चा अध्यक्ष ने कहा कि आज हमारे देश के युवाओं को दोनों शहीदों के आदर्शों को आत्मसात करने की जरूरत है. शिव नारायण साव ने नीलाम्बर- पीताम्बर की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए दोनों सहोदर भाइयों के लिए स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान को पाठ्य पुस्तकों में शामिल करने की मांग की. इस अवसर पर रौनक कुमार, दीपक कुमार, उत्तम कुमार, नौनित कुमार, सुधीर कुमार, यशवंत कुमार, कृष्णा राम, जयपाल मोची, संजय मिस्त्री, संतोष विश्वकर्मा, सतीश दुबे ने भी अपने विचार व्यक्त किए. राम नरेश महतो ने धन्यवाद ज्ञापन किया.











