
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला के गम्हरिया प्रखंड, अंचल और आपूर्ति विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार, घोटाला एवं पदाधिकारियों के कार्य में शिथिलता व लापरवाही के खिलाफ पंचायत समिति सदस्य राम हांसदा ने अपने सहयोगियों के साथ 3 नवंबर को प्रखंड कार्यालय परिसर में बने बापू की प्रतिमा के समक्ष एक दिवसीय मौन व्रत रखने का ऐलान किया है. इसकी जानकारी राम हांसदा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी. उन्होंने बताया कि गम्हरिया प्रखंड और अंचल में विभागीय पदाधिकारियों के कार्य में शिथिलता, लापरवाही काफी बढ़ गई है. जहां हजारों की संख्या में वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, विकलांग पेंशन और मुख्यमंत्री सुकन्या योजना के आवेदन लंबित है. इनके लाभुकों को महीनों से अनावश्यक रूप से कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है. जिससे जरूरतमंद मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित हो रहे हैं. इसके अलावा कोरोना काल में गम्हरिया प्रखंड परिसर में निर्मित मकानों को चोरों द्वारा क्षतिग्रस्त कर भवन के सारे सामान गायब कर दिए गए जिसे प्रखंड कार्यालय के अधिकारियों ने नजरअंदाज कर दिया नतीजा ये हुआ कि लाखों के सरकारी राजस्व चोर डकार गए. वही अंचल के कार्यप्रणाली पर भी इन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए सरकारी तालाबों एवं सरकारी जमीनों के मामले में चुप्पी साधे रखने का आरोप लगाया है. वही कई महीनों से दाखिल- खारिज नहीं होने का भी आरोप उन्होंने लगाया. इसके अलावा खाद्य आपूर्ति विभाग में भी कोरोना काल में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार की इन्होंने बात कही है. इन्होंने एमओ पर कई संगीन आरोप लगाए हैं. कुल मिलाकर गम्हरिया प्रखंड अंचल एवं खाद्य आपूर्ति विभाग को इन्होंने कटघरे में खड़ा करते हुए सरकार से उच्च स्तरीय जांच कराए जाने की मांग की है.














