
रांची : झारखंड पुलिस मुख्यालय रांची स्थित सभागार में पुलिस महानिदेशक झारखण्ड की उपस्थिति में झारखण्ड पुलिस एवं भारतीय स्टेट बैंक के बीच पुलिस सैलरी पैकेज के लिए एक एमओयू पर हस्ताक्षर किया गया. इस एमओयू में झारखंड के डीजीपी की ओर से आइजी बजट डॉ शम्स तबरेज तथा भारतीय स्टेट बैंक की ओर से डीजीएम रांची जोनल कार्यालय देवेश मित्तल ने हस्ताक्षर कर एक दूसरे को एमओयू के दस्तावेज सौंपे. पुलिस सैलेरी पैकेज से पुलिसकर्मियों को सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेगी यथा व्यक्तिगत दुर्घटना मृत्यु बीमा 50 लाख रुपये, स्थायी पूर्ण विकलांगता पर 50 लाख रुपये, स्थायी आशिक विकलांगता पर 30 लाख रुपये, वायुयान दुर्घटना पर 01 करोड़ रूपया, व्यक्तिगत दुर्घटना में मृत्यु होने पर आश्रित बच्चों के उच्चतर शिक्षा के लिये बीमा राशि 10 लाख रुपये तथा अविवाहित बच्चियों के विवाह हेतु भी बीमा राशि अधिकतम 10 लाख रुपये दिये जाने का प्रावधान है. नक्सल हिंसा या उग्रवादियों एवं अपराधकर्मियों द्वारा घात लगाकर किये गये हमलों में शहीदों के आश्रित को अतिरिक्त 10 लाख रूपये का प्रावधान किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)

इस एमओयू के तहत भारतीय स्टेट बैंक की ओर से सभी पुलिसकर्मियों को रूपे प्लेटिनम कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा. इसके तहत दुर्घटना आदि में मौत होने पर 10 लाख रुपया का अतिरिक्त बीमा कवर उपलब्ध होगा. यह सभी बीमा सुविधाएं भारतीय स्टेट बैंक द्वारा पुलिस सैलेरी पैकेज के तहत खाता धारक को नि:शुल्क उपलब्ध करायी जायेगी. इस अवसर पर झारखण्ड पुलिस की ओर से आइजी हेडक्वार्टर मुरारी लाल मीणा, एडीजी डॉ संजय आनन्द राव लाठकर, आइजी मुख्यालय मनोज कौशिक, आइजी मानवाधिकार अखिलेश झा, आइजी अभियान अमोल विनुकांत होमकर, पुलिस महानिरीक्षक प्रोविजन प्रभात कुमार, आइजी कार्मिक अनुपु विजया लक्ष्मी, आइजी बजट डॉ शम्स तबरेज, झारखण्ड पुलिस एसोसियेशन, झारखण्ड पुलिस मेंस एसोसियेशन, झारखण्ड चतुर्थवर्गीय कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि एवं भारतीय स्टेट बैंक की ओर से पटना मंडल के मुख्य महाप्रबंधक शिव ओम दीक्षित, झारखण्ड, नेटवर्क के जीएम प्रभास बोस, रांची जोनल ऑफिस के डीजीएम देवेश मित्तल, रांची रीजन के रिजनल मैनेजर आलोक रंजन एवं कॉरपोरेट सैलरी रिलेशनशिप मैनेजर विकाश कुमार पाण्डेय उपस्थित रहे.













