
चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत के हवाई पट्टी के पास स्थित स्वर्णरेखा परियोजना की मुख्य बांयी नहर में बाजपेई नगर के युवक शंकर गागराई (18) के सोमवार की सुबह डूब जाने से उसकी मौत हो गयी है. नहर में डूबने की सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय गोताखोर की मदद से शव की खोजबीन शुरू की. गोताखोरों के काफी प्रयास करने के पश्चात नहर से शाम पांच बजे के आस पास शंकर गागराई के शव नहर से बरामद किया गया. शाम तक घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही. शव बरामद होने पर युवक के पिता महेश गागराई, मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है. (नीचे भी पढ़ें)

मृतक के परिजनों को आस पड़ोस के लोग शांत कराने की प्रयास कर रहें थे. नहर से शव बरामद होने की सूचना पाकर ग्रामीणों की भीड़ घटना स्थल पर जुटी रही. विधायक समीर महंती भी घटनास्थल पहुंचकर मामले की जानकारी ली और घटना पर दुःख व्यक्त किया. विधायक श्री महंती ने मृतक के परिवार से मिलकर सांत्वना दिया. मिली जानकारी के अनुसार शंकर गागराई अपने दोस्तों के साथ नहर में नहाने गया था और नहर में नहाने के लिए उतरा और पानी के बहाव में वह डूब गया जिससे उसकी मौत हो गयी. मिली जानकारी के मुताबिक शंकर गागराई रविवार को ही बाहर से घर लौटा था.












